जापानी निवेश से यूपी को नई उड़ान, 109 सदस्यीय दल पहुंचा काशी | UP News

Fri 21-Aug-2026,10:45 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

जापानी निवेश से यूपी को नई उड़ान, 109 सदस्यीय दल पहुंचा काशी | UP News जापानी निवेश से यूपी को नई उड़ान
  • जापान का 109 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल निवेश संभावनाओं के लिए वाराणसी पहुंच रहा है।

  • ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और क्लीन एनर्जी पर फोकस रहेगा।

  • जापानी मेहमान काशी की आध्यात्मिकता, संस्कृति और GI उत्पादों से रूबरू होंगे।

Uttar Pradesh / Lucknow :

Lucknow / उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य और राज्य में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में जापान का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच रहा है। जापान के यामानाशी प्रिफेक्चर के गवर्नर के नेतृत्व में आने वाले 109 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे को भारत-जापान औद्योगिक, तकनीकी और सांस्कृतिक संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल में जापान की प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योगपति और सीईओ शामिल हैं। दौरे का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निवेश, तकनीक, कौशल विकास, मानव संसाधन और सांस्कृतिक सहयोग की संभावनाओं को मजबूत करना है। विशेष रूप से हाई-टेक सेक्टर और क्लीन एनर्जी में निवेश के अवसरों पर चर्चा को अहम माना जा रहा है।

हाई-टेक और क्लीन एनर्जी पर नजर
जापानी प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान ग्रीन हाइड्रोजन, स्वच्छ ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी की संभावनाओं पर जोर रहेगा। उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों, कानून-व्यवस्था और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को निवेश के लिए अनुकूल वातावरण के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

राज्य सरकार का प्रयास है कि जापानी कंपनियों के निवेश से प्रदेश में नए औद्योगिक अवसर पैदा हों और आधुनिक तकनीक के साथ रोजगार तथा कौशल विकास को भी बढ़ावा मिले। इससे उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

सारनाथ से काशी विश्वनाथ तक सांस्कृतिक जुड़ाव
दौरे के पहले दिन जापानी प्रतिनिधिमंडल सारनाथ का भ्रमण करेगा। सारनाथ भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली होने के कारण भारत और जापान के बीच बौद्ध सांस्कृतिक संबंधों का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल नमो घाट पर गंगा आरती में शामिल होकर काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित होगा।

शाम को होटल ताज में आयोजित रात्रिभोज के दौरान जापानी मेहमानों के लिए भारतीय कला, संगीत और पारंपरिक हस्तशिल्प पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। दौरे के दूसरे दिन प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख सदस्य श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।

ODOP और GI उत्पादों से दिखेगी काशी की पहचान
जापानी प्रतिनिधिमंडल के सामने काशी की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) तथा जीआई टैग प्राप्त उत्पादों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें गुलाबी मीनाकारी, सॉफ्ट स्टोन कार्विंग, लकड़ी के खिलौने और प्रसिद्ध बनारसी सिल्क साड़ियां प्रमुख आकर्षण होंगी।

इन स्टॉल्स के माध्यम से जापानी मेहमानों को काशी की सदियों पुरानी हस्तशिल्प परंपरा और स्थानीय कारीगरों की कला को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही कथक, लोकनृत्य और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां काशी की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेंगी।

भारत-जापान के ऐतिहासिक मैत्रीपूर्ण संबंधों के बीच काशी में हो रहा यह दौरा औद्योगिक निवेश और सांस्कृतिक सहयोग का नया अध्याय खोल सकता है। उत्तर प्रदेश सरकार के लिए यह दौरा विदेशी निवेश आकर्षित करने, तकनीकी साझेदारी बढ़ाने और प्रदेश को वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर मजबूत स्थिति दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।