India AI Impact Summit 2026: जिम्मेदार AI पर सबसे बड़ा वैश्विक मंच

Mon 02-Feb-2026,04:18 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

India AI Impact Summit 2026: जिम्मेदार AI पर सबसे बड़ा वैश्विक मंच India-AI-Impact-Summit-2026-New-Delhi
  • 500 से अधिक स्टार्टअप्स, 500 सत्र और लाखों प्रतिभागियों के साथ यह आयोजन एआई नीति और नवाचार का सबसे व्यापक वैश्विक मंच बनेगा।

  • नई दिल्ली में आयोजित यह सम्मेलन 100 से अधिक देशों, राष्ट्राध्यक्षों, मंत्रियों, सीईओ और एआई विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाएगा।

Delhi / New Delhi :

New Delhi/ इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 को लेकर वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। 16 से 20 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली में होने वाला यह सम्मेलन अब तक आयोजित सभी ग्लोबल एआई समिट्स में सबसे व्यापक और प्रभावशाली माना जा रहा है। समिट का मुख्य उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को केवल नीति और सिद्धांतों तक सीमित न रखते हुए ज़मीनी स्तर पर सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक बदलावों के लिए उपयोगी बनाना है।

समिट के प्रति रुचि का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आयोजन से पहले ही दुनिया भर के देशों से 35,000 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। यह संख्या वैश्विक एआई समुदाय में भारत की बढ़ती भूमिका और भरोसे को दर्शाती है। सम्मेलन में 100 से अधिक देशों की भागीदारी की उम्मीद है, जिसमें 15 से 20 राष्ट्राध्यक्ष, विभिन्न देशों के 50 से अधिक मंत्री, और भारतीय व वैश्विक कंपनियों के 40 से ज्यादा सीईओ शामिल होंगे।

इस आयोजन में सरकार, उद्योग, शोध, सिविल सोसाइटी और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलेगी। लगभग 500 वैश्विक एआई लीडर्स, जिनमें इनोवेटर्स, रिसर्चर्स और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर्स शामिल हैं, समिट के एजेंडे और परिणामों को आकार देंगे। यह मंच नीति-निर्माण और तकनीकी नवाचार के बीच सेतु का कार्य करेगा।

स्टार्टअप इकोसिस्टम इस समिट का एक महत्वपूर्ण स्तंभ होगा। सम्मेलन में 500 से अधिक एआई स्टार्टअप्स का भव्य शोकेस आयोजित किया जाएगा। इसके साथ-साथ मुख्य कार्यक्रम और सहयोगी प्लेटफॉर्म्स पर करीब 500 सत्र आयोजित होंगे, जिससे यह एआई पर केंद्रित सबसे व्यापक वैश्विक आयोजनों में से एक बन जाएगा।

समिट से पहले की तैयारियाँ भी उतनी ही सशक्त रही हैं। विभिन्न सेक्टरों से 1,300 से अधिक प्री-समिट प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और भारत सहित विश्व के कई देशों में 500 से अधिक प्री-समिट कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। समिट फ्रेमवर्क के अंतर्गत सात प्रमुख कार्यक्रम शामिल हैं, जिनमें सामूहिक रूप से 3 लाख से अधिक प्रतिभागी जुड़े हुए हैं।

ग्लोबल एआई समिट की यात्रा ब्लेचले पार्क में जोखिम-केंद्रित चर्चाओं से शुरू होकर सियोल में नैतिकता और समावेश तथा पेरिस में साझा सिद्धांतों के कार्यान्वयन तक पहुंची है। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 इस यात्रा का अगला चरण है, जो भारत को वैश्विक एआई नेतृत्व के केंद्र में स्थापित करता है।

समिट के लिए मीडिया एक्रेडिटेशन शुरू हो चुका है और केवल मान्यता प्राप्त मीडिया प्रतिनिधियों को कवरेज की अनुमति दी जाएगी। आवेदन 8 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन किए जा सकते हैं।