नेपाल बाढ़ के 22 दिन बाद 6,150 लापता, हाइड्रोपावर टनलों से 10 शव बरामद

Thu 17-Sep-2026,09:22 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

नेपाल बाढ़ के 22 दिन बाद 6,150 लापता, हाइड्रोपावर टनलों से 10 शव बरामद Nepal Flood Update
  • नेपाल बाढ़ के 22 दिन बाद लापता लोगों की संख्या बढ़कर 6,150 हुई।

  • चिलिमे और अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर टनलों से 10 शव बरामद किए गए।

  • नेपाली सेना और बचाव दलों का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

Central Region / Kathmandu :

Kathmandu / नेपाल में 26 अगस्त को आई अचानक बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। आपदा के 22 दिन बाद भी बड़ी संख्या में लोग लापता हैं और कई इलाकों में मलबे के बीच शवों की तलाश जारी है। प्रभावित जिलों में दोबारा किए गए सत्यापन के बाद लापता लोगों की संख्या में करीब एक हजार का इजाफा हुआ है। नेपाल के आपदा प्राधिकरण ने बुधवार को लापता लोगों की संख्या 5,179 से बढ़ाकर 6,150 कर दी। अधिकारियों का कहना है कि जिला कार्यालयों से मिली नई जानकारी की जांच के बाद आंकड़ों को अपडेट किया गया है।

नेपाल में अब तक 1,403 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 6,150 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। दूसरी ओर, तिब्बत में 43 लोगों की मौत और 519 लोगों के लापता होने की खबर है। दोनों क्षेत्रों को मिलाकर मृतकों की संख्या 1,446 और लापता लोगों की संख्या कम से कम 6,669 हो जाती है। लापता लोगों में करीब 189 भारतीय नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं।

हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स की टनलों में तलाश
बाढ़ के दौरान नेपाल में करीब 12 हाइड्रोपावर परियोजनाओं पर काम चल रहा था। अचानक आई बाढ़ और भारी मलबे के कारण इन परियोजनाओं की कई सुरंगों में मजदूरों के फंसने की आशंका जताई गई। हादसे के बाद नेपाली सेना, स्थानीय प्रशासन और बचाव दलों ने राहत एवं तलाशी अभियान शुरू किया।

चिलिमे हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में बचाव दल के लिए सुरंग तक पहुंचना बड़ी चुनौती बना रहा। भारतीय सेना के विशेष जवानों और नेपाली बचाव दल के अंडरग्राउंड पावरहाउस तक पहुंचने के बाद वहां से पांच शव बरामद किए गए। बताया गया कि मलबे के कारण एक्सकेवेटर और व्हील लोडर आगे नहीं बढ़ सके। इसके बाद सुरंग के आखिरी हिस्से की खुदाई हाथों से की गई।

बचाव दल को आशंका थी कि सुरंग के भीतर छह कर्मचारी फंसे हो सकते हैं। पांच शव मिलने के बाद भी एक कर्मचारी की तलाश जारी बताई गई है। सुरंग के अंदर भारी मलबा और मुश्किल परिस्थितियों के कारण अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।

अपर त्रिशूली-1 में भी मिले पांच शव
रासुवा जिले में स्थित अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में भी तलाशी अभियान जारी रहा। बुधवार को नेपाली सेना और प्रोजेक्ट टीम की संयुक्त टीम ने ऑडिट-3 टनल से पांच शव बरामद किए।

रासुवा के असिस्टेंट चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर ध्रुबा प्रसाद अधिकारी के अनुसार, सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान संयुक्त टीम को टनल के भीतर शव मिले। इसके बाद बचाव दल ने सुरंग में अन्य संभावित फंसे लोगों की तलाश भी जारी रखी।

लापता लोगों के आंकड़े ने बढ़ाई चिंता
नेपाल सरकार और स्थानीय प्रशासन लगातार लापता लोगों के आंकड़ों का सत्यापन कर रहे हैं। नए नाम जुड़ने के बाद लापता लोगों की संख्या 6,150 तक पहुंच गई है। इससे आपदा के वास्तविक प्रभाव का आकलन और चुनौतीपूर्ण हो गया है।

बाढ़ के 22 दिन बाद भी कई परिवार अपने लापता परिजनों की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। दूसरी ओर, हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में जारी खोज अभियान से कुछ शव बरामद हुए हैं, लेकिन कई लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। राहत और बचाव दल मलबे को हटाकर सुरंगों तथा प्रभावित इलाकों में लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं।