जबलपुर में अपराध और हादसे बढ़े: चाकूबाजी में युवक की मौत

Mon 09-Feb-2026,05:12 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

जबलपुर में अपराध और हादसे बढ़े: चाकूबाजी में युवक की मौत Jabalpur-Crime-Murder-Hit-And-Run-News
  • जबलपुर के गोकलपुर में मामूली विवाद के बाद शराब के नशे में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी।

  • नोदरा ब्रिज पर तेज रफ्तार फार्च्यूनर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, हिट एंड रन केस दर्ज।

Madhya Pradesh / Jabalpur :

Jablpur/ मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में अपराध और सड़क हादसों की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। बीते 24 घंटों के भीतर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो गंभीर घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर मामूली विवाद में शराब के नशे में युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, तो दूसरी ओर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार की जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।

मामूली भिड़ंत में युवक की हत्या:
ताजा मामला थाना रांझी क्षेत्र के गोकलपुर इलाके का है। दुर्गा मंदिर के पास कार और बाइक की मामूली भिड़ंत के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि बाइक सवार दो युवकों ने कार में बैठे 27 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवक शराब के नशे में थे और गुस्से में आकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान और पुलिस कार्रवाई:
पुलिस ने मृतक की पहचान आकांश साहू, निवासी आधारताल के रूप में की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और फरार युवकों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

कांग्रेस पार्षद ने उठाए सवाल:
घटना के बाद स्थानीय कांग्रेस पार्षद ने थाना रांझी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अपराध बढ़ने के बावजूद पुलिस की गश्त और निगरानी कमजोर है। पार्षद ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

दूसरी घटना: हिट एंड रन में युवक की मौत:
इसी बीच जबलपुर के थाना ओमती क्षेत्र स्थित नोदरा ब्रिज पर देर रात एक और दर्दनाक हादसा सामने आया। तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

जांच में जुटी पुलिस:
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इन दोनों घटनाओं ने जबलपुर में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।