नक्सल मोर्चे पर बहादुरी: MP पुलिस के 60 जवानों को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन

Tue 10-Feb-2026,11:33 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

नक्सल मोर्चे पर बहादुरी: MP पुलिस के 60 जवानों को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन MP-Police-Naxal-Operation-Out-Of-Turn-Promotion
  • नक्सल विरोधी अभियानों में बहादुरी दिखाने वाले मध्यप्रदेश पुलिस के 60 जवानों को आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नति, बालाघाट में हुआ अलंकरण समारोह

  • 27 कांस्टेबल बने हेड कांस्टेबल, 27 हेड कांस्टेबल बने ASI, 5 SI को मिला इंस्पेक्टर पद का प्रमोशन

Madhya Pradesh / Bhopal :

Madhya Pradesh/ नक्सल प्रभावित इलाकों में साहस, समर्पण और प्रभावी रणनीति के साथ काम कर रहे मध्यप्रदेश पुलिस के जवानों को राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण बहादुरी दिखाने वाले 60 पुलिसकर्मियों को आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नति दी गई है। यह निर्णय जवानों के मनोबल को बढ़ाने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से लिया गया है।

बालाघाट में अलंकरण समारोह

सोमवार, 9 फरवरी को बालाघाट पुलिस लाइन में आयोजित विशेष अलंकरण समारोह में प्रमोशन से जुड़े आदेश जवानों को सौंपे गए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में नक्सल मोर्चे पर तैनात पुलिसकर्मियों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि यह पदोन्नति उन जवानों के लिए प्रेरणा है जो जान जोखिम में डालकर शांति बहाली में जुटे हैं।

इन पदों पर दी गई पदोन्नति

राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुल 60 पुलिसकर्मियों को विभिन्न पदों पर प्रमोशन दिया गया।

27 कांस्टेबल को हेड कांस्टेबल बनाया गया

27 हेड कांस्टेबल को सहायक उप निरीक्षक (ASI) पद पर पदोन्नत किया गया

एक ASI को उप निरीक्षक (SI) बनाया गया

5 उप निरीक्षकों को निरीक्षक (Inspector) पद पर प्रमोशन मिला

ये अधिकारी बने निरीक्षक

उप निरीक्षक विपिन चंद्र खलको, इंदर सिंह विदूरी, शुभम प्रताप सिंह तोमर, रत्नेश मीणा और नवदेश श्रीवास्तव को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं सहायक उप निरीक्षक मुनेंद्र सिंह को उप निरीक्षक बनाया गया है।

नक्सल मोर्चे पर बलिदान की याद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीजी नक्सल विरोधी अभियान वेंकटेश्वर राव ने कहा कि नक्सल क्षेत्र में तैनात जवान देशभक्ति और जनसेवा की सच्ची मिसाल हैं। उन्होंने बताया कि अब तक नक्सल विरोधी अभियानों में 38 पुलिस अधिकारी और जवान शहीद हो चुके हैं। उन्होंने हाल ही में बलिदान देने वाले इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

हॉक फोर्स और शांति प्रयास

एडीजी ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने हॉक फोर्स के लिए 882 पदों को स्वीकृति दी है। साथ ही बालाघाट जिले में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सामाजिक सहभागिता के माध्यम से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।