फरवरी में बॉलीवुड क्लासिक्स की वापसी: देवदास, युवा और तेरे नाम री-रिलीज
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Bollywood-Classic-Films-Re-Release-February-2026
फरवरी 2026 में शाहरुख खान और सलमान खान की सुपरहिट फिल्मों की री-रिलीज से सिनेमाघरों में नॉस्टैल्जिया और रोमांस का माहौल बनेगा।
‘युवा’ और ‘तेरे नाम’ जैसी फिल्मों की री-रिलीज से नई पीढ़ी को भी बॉलीवुड की यादगार कहानियां देखने का मौका मिलेगा।
Bollywood/ साल 2026 की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर शानदार फिल्मों के साथ हुई, जिन्हें दर्शकों ने खुलकर प्यार दिया। अब फरवरी का महीना भी शुरू हो चुका है, जिसे प्यार का महीना कहा जाता है। ऐसे में इस बार सिनेमाघरों में रोमांस और नॉस्टैल्जिया का डबल डोज मिलने वाला है। वजह है बॉलीवुड की कुछ आइकॉनिक फिल्मों की दोबारा री-रिलीज।
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी सुपरहिट फिल्म ‘देवदास’ का है, जो 6 फरवरी को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। साल 2002 में रिलीज हुई इस फिल्म में शाहरुख खान ने देवदास, ऐश्वर्या राय ने पारो और माधुरी दीक्षित ने चंद्रमुखी का किरदार निभाया था। फिल्म की भव्यता, संगीत और दमदार अभिनय ने इसे बॉलीवुड की क्लासिक फिल्मों की सूची में शामिल कर दिया। अब 24 साल बाद ‘देवदास’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों को भावनाओं के सैलाब में डुबोने के लिए तैयार है।
री-रिलीज होने वाली फिल्मों में दूसरा नाम है ‘युवा’, जो 20 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। मणिरत्नम के निर्देशन में बनी यह क्राइम थ्रिलर फिल्म 2004 में रिलीज हुई थी। फिल्म में अजय देवगन, विवेक ओबेरॉय और अभिषेक बच्चन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। ‘युवा’ समाज के अलग-अलग तबके से आने वाले तीन युवाओं की कहानी दिखाती है, जिनकी जिंदगी एक घटना के बाद पूरी तरह बदल जाती है। यह फिल्म आज भी अपनी मजबूत कहानी और सामाजिक संदेश के लिए याद की जाती है।
इस लिस्ट में तीसरा और सबसे भावनात्मक नाम है सलमान खान की फिल्म ‘तेरे नाम’। सतीश कौशिक के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में सलमान खान ने राधे का किरदार निभाकर दर्शकों को भावुक कर दिया था। भूमिका चावला के साथ उनकी केमिस्ट्री और फिल्म के दर्दभरे गाने आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं। ‘तेरे नाम’ की री-रिलीज से सलमान खान के फैंस एक बार फिर उस दौर को बड़े पर्दे पर जी सकेंगे।
फरवरी के इस प्यार भरे महीने में इन फिल्मों की री-रिलीज दर्शकों को नॉस्टैल्जिया और रोमांस का खास अनुभव देने वाली है।