‘धुरंधर’ ने रचा इतिहास, पुष्पा 2 को पछाड़ बनी हिंदी सिनेमा की नंबर-1 फिल्म

Thu 15-Jan-2026,01:57 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

‘धुरंधर’ ने रचा इतिहास, पुष्पा 2 को पछाड़ बनी हिंदी सिनेमा की नंबर-1 फिल्म ‘धुरंधर’ ने रचा इतिहास (Photo X)
  • रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने 41 दिनों में 813.60 करोड़ कमाकर हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड बनाया।

  • फिल्म ने अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ के 812.14 करोड़ के हिंदी कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया।

  • छठे हफ्ते में भी मजबूत कमाई के साथ ‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस सफर जारी है।

Maharashtra / Mumbai :

मुंबई/ रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर’ ने हिंदी सिनेमा के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। महज 41 दिनों में फिल्म ने वह कारनामा कर दिखाया है, जो अब तक किसी भी हिंदी फिल्म के लिए असंभव माना जा रहा था। बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूती दिखाते हुए ‘धुरंधर’ ने अल्लू अर्जुन की पैन इंडिया हिट ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और हिंदी भाषा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस सफर ऐतिहासिक साबित हो रहा है। रिलीज के छठे हफ्ते में प्रवेश करने के बावजूद फिल्म की कमाई में गिरावट के बजाय स्थिरता और हल्की बढ़त देखने को मिल रही है। 41वें दिन यानी छठे बुधवार को भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग 3 करोड़ रुपये की कमाई की।

Sacnilk द्वारा जारी शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, 41 दिनों के बाद ‘धुरंधर’ का भारतीय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 813.60 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। यह आंकड़ा न केवल फिल्म की लोकप्रियता को दर्शाता है, बल्कि हिंदी सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी है। इसी के साथ ‘धुरंधर’ ने अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘पुष्पा 2’ का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

दरअसल, अब तक हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड ‘पुष्पा 2’ के नाम था, जिसने अपने लाइफटाइम में 812.14 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। लेकिन ‘धुरंधर’ ने इस आंकड़े को पार करते हुए नया बेंचमार्क सेट कर दिया है। खास बात यह है कि यह रिकॉर्ड फिल्म ने केवल 41 दिनों में अपने नाम किया, जबकि अभी इसकी थिएटर रन पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई है।

गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही ‘धुरंधर’ ने बॉलीवुड में 800 करोड़ क्लब में एंट्री कर इतिहास रच दिया था। फिल्म की मजबूत कहानी, दमदार निर्देशन और रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचे रखा है।

फिलहाल ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘धुरंधर’ की कमाई अभी और आगे जा सकती है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कौन-कौन से नए रिकॉर्ड अपने नाम करती है।