My Bharat Budget Quest 2026 लॉन्च
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
MY-Bharat-Budget-Quest-2026-Youth-Budget-Awareness
‘माई भारत बजट क्वेस्ट 2026’ युवाओं को केंद्रीय बजट से जोड़कर आर्थिक नीतियों की समझ और नागरिक सहभागिता को मजबूत करेगा।
चयनित विजेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद का अवसर मिलेगा, जिससे युवाओं की नीति-निर्माण में भूमिका बढ़ेगी।
Delhi/ देश के युवाओं को केंद्रीय बजट से जोड़ने और आर्थिक नीतियों की समझ बढ़ाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ‘माई भारत बजट क्वेस्ट 2026’ का शुभारंभ किया है। यह राष्ट्रव्यापी, युवा-केंद्रित पहल केंद्रीय बजट 2026-27 को युवाओं के दैनिक जीवन, विचारों और आकांक्षाओं से जोड़ने का प्रयास है। इस पहल का उद्देश्य बजट को अधिक सुलभ, प्रासंगिक और नागरिक-केंद्रित बनाना है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बताया कि ‘माई भारत बजट क्वेस्ट 2026’ एक संरचित और सहभागी ढांचे पर आधारित है, जिसके माध्यम से देशभर के महाविद्यालयों, संस्थानों और कोचिंग केंद्रों के युवा केंद्रीय बजट को समझ सकेंगे। यह पहल युवाओं को न केवल बजट की जानकारी देगी, बल्कि उन्हें नीति निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर भी प्रदान करेगी।
यह प्रतियोगिता 3 फरवरी 2026 से ‘माई भारत’ प्लेटफॉर्म (mybharat.gov.in) पर शुरू होगी। यह केंद्रीय बजट 2026 पर आधारित एक राष्ट्रीय ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी होगी, जिसमें ‘माई भारत’ पोर्टल पर पंजीकृत युवा भाग ले सकेंगे। इस चरण के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 17 फरवरी 2026 तय की गई है।
पहले चरण के बाद प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागी 17 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक चलने वाले दूसरे चरण में भाग लेंगे, जिसमें निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस चरण में युवाओं को ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप केंद्रीय बजट से जुड़े आठ विषयों पर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत करने होंगे।
डॉ. मांडविया ने कहा कि बजट 2026-27 में युवाओं द्वारा साझा किए गए कई नवोन्मेषी विचारों को शामिल किया गया है, जिसका उल्लेख स्वयं वित्त मंत्री ने बजट भाषण में किया था। ‘माई भारत बजट क्वेस्ट 2026’ इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए युवाओं की आवाज़ को नीति संवाद का हिस्सा बनाएगा।
निबंधों का मूल्यांकन 3 मार्च से 10 मार्च 2026 के बीच किया जाएगा और राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों की योग्यता सूची 10 मार्च को घोषित होगी। विजेता युवाओं को ‘विकसित भारत बजट’ के विजन पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद का अवसर मिलेगा, जिससे राष्ट्रीय आर्थिक विमर्श में युवाओं की भागीदारी और मजबूत होगी।