मैनपाट महोत्सव में तीन दिन शुष्क दिवस
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Mainpat-Mahotsav-Dry-Day-CM-Inauguration
मैनपाट महोत्सव 13 से 15 फरवरी तक आयोजित, रोपाखार क्षेत्र में तीन दिन शुष्क दिवस घोषित कर मदिरा विक्रय पर प्रतिबंध।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ, मनोज तिवारी, कनिका कपूर सहित कई कलाकारों की प्रस्तुति।
Ambikapur/ ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ और ‘छोटा तिब्बत’ के नाम से प्रसिद्ध मैनपाट में 13 से 15 फरवरी तक भव्य मैनपाट महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर अजीत वसंत ने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24(1) के तहत आदेश जारी कर रोपाखार क्षेत्र स्थित एफएल-1 घघ कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान को तीन दिनों के लिए बंद रखने का निर्देश दिया है। 13, 14 और 15 फरवरी को शुष्क दिवस घोषित किया गया है। इन तिथियों में मदिरा का विक्रय, परिवहन और परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। आयोजन रोपाखार जलाशय के समीप पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
तीन दिवसीय इस आयोजन में लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत का संगम देखने को मिलेगा। 13 फरवरी को भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, छत्तीसगढ़ी कलाकार सुनील सोनी और ओडिशा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। 14 फरवरी को लोक गायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार मंच पर प्रस्तुति देंगी। 15 फरवरी को बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर मुख्य आकर्षण रहेंगी।
इसके अलावा रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी प्रस्तुति देंगे। स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों के कार्यक्रम भी महोत्सव की शोभा बढ़ाएंगे। महोत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जहां शासकीय योजनाओं और तिब्बती हस्तशिल्प सहित स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन होगा। पर्यटकों के लिए बोटिंग, एडवेंचर स्पोर्ट्स और पारंपरिक दंगल जैसे आकर्षण रहेंगे। समुद्र तल से 3,781 फीट की ऊंचाई पर स्थित मैनपाट अपनी प्राकृतिक सुंदरता, जलजली, उल्टा पानी और तिब्बती मठों के लिए प्रसिद्ध है, जो महोत्सव के दौरान पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहेगा।