रायपुर कोर्ट से दो विचाराधीन कैदी फरार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Raipur-Court-Two-Undertrial-Prisoners-Escape
रायपुर कोर्ट परिसर से हत्या के प्रयास के आरोप में बंद दो विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल।
फरार आरोपी पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं, सिविल लाइंस थाना में एफआईआर दर्ज, शहरभर में नाकाबंदी और सघन तलाशी अभियान जारी।
Raipur/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सेंट्रल जेल से पेशी के लिए कोर्ट लाए गए दो विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे शहर में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कोर्ट परिसर से इस तरह की चूक ने सुरक्षा व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरार आरोपियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में न्यायिक अभिरक्षा के तहत सेंट्रल जेल में बंद थे। गुरुवार को नियमित सुनवाई के लिए उन्हें अदालत में पेश किया गया था। बताया जा रहा है कि पेशी से पूर्व जब दोनों कोर्ट मुहर्रिर की निगरानी में थे, उसी दौरान वे मौके का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले। उल्लेखनीय है कि दोनों आरोपी आपस में पिता-पुत्र हैं।
कैदियों के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल आसपास के इलाकों में तलाशी शुरू की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जेल प्रशासन को मामले की सूचना दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। कोर्ट परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर उनके भागने के मार्ग और संभावित ठिकानों की जानकारी मिल सकेगी। शहर के प्रमुख चौराहों और सीमावर्ती इलाकों में भी चेकिंग बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि राजधानी में इससे पहले भी पेशी के दौरान आरोपियों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ मामलों में आरोपी लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। ताजा घटना ने एक बार फिर न्यायालय परिसर और पुलिस अभिरक्षा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की आवश्यकता को रेखांकित किया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।