उत्तराखंड: राज्यपाल गुरमीत सिंह के हेलीकॉप्टर की श्रीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग, तकनीकी खराबी आई सामने

Sun 08-Mar-2026,07:12 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

उत्तराखंड: राज्यपाल गुरमीत सिंह के हेलीकॉप्टर की श्रीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग, तकनीकी खराबी आई सामने Uttarakhand Governor Helicopter
  • राज्यपाल गुरमीत सिंह के हेलीकॉप्टर की श्रीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग।

  • उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के बाद लिया गया फैसला।

  • राज्यपाल सुरक्षित, हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच जारी।

Jammu and Kashmir / Srinagar :

Srinagar / उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के हेलीकॉप्टर को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के कारण अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। एहतियात के तौर पर हेलीकॉप्टर को पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतारा गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल बढ़ गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि राज्यपाल पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार राज्यपाल गुरमीत सिंह टिहरी गढ़वाल से गैरसैंण के लिए रवाना हुए थे। उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी समस्या सामने आई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थान पर हेलीकॉप्टर उतारने का फैसला लिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर को श्रीनगर गढ़वाल के जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित लैंड कराया गया।

हेलीकॉप्टर के उतरते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल को तुरंत श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां वे फिलहाल सुरक्षित हैं। वहीं तकनीकी टीम हेलीकॉप्टर की जांच में जुट गई है और खराबी के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

श्रीनगर कोतवाली के निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि तकनीकी खामी के कारण हेलीकॉप्टर को जीवीके हेलीपैड पर उतारा गया है। फिलहाल हेलीकॉप्टर की जांच की जा रही है और खराबी ठीक होने के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस समय राज्यपाल श्रीनगर के पुलिस गेस्ट हाउस में मौजूद हैं।

बताया जा रहा है कि राज्यपाल गैरसैंण में होने वाले बजट सत्र में शामिल होने के लिए जा रहे थे, जिसकी शुरुआत 9 मार्च से होनी है। इससे पहले रविवार को राज्यपाल गुरमीत सिंह टिहरी लेक फेस्टिवल के तीसरे दिन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए। राज्यपाल ने अपने संबोधन में महिला शक्ति की सराहना करते हुए कहा कि पहाड़ की बेटियां बेहद मजबूत और दृढ़ इच्छाशक्ति वाली होती हैं। उन्होंने कहा कि उनके लक्ष्य बहुत ऊंचे हैं और वे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।

फिलहाल तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही राज्यपाल की आगे की यात्रा और कार्यक्रम को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।