मंगोलपुरी में चाकूबाजी से दहशत, 6-7 लोग घायल | Delhi Crime News
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Mangolpuri Crime
मंगोलपुरी में तीन युवकों ने लोगों पर चाकू से हमला किया।
छह से सात लोग घायल, दो गंभीर घायलों को सफदरजंग रेफर किया गया।
पुलिस आरोपियों की तलाश और पूरे मामले की जांच कर रही है।
New Delhi / राजधानी दिल्ली का मंगोलपुरी इलाका एक बार फिर चाकूबाजी की वारदात से दहल उठा। बीते दो दिनों में चाकूबाजी की यह दूसरी बड़ी घटना सामने आने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार शाम एन ब्लॉक की एक गली में तीन युवकों ने अचानक राहगीरों और स्थानीय लोगों पर चाकुओं से हमला कर दिया। इस वारदात में करीब छह से सात लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार शाम तीन युवक अचानक एन ब्लॉक की गली में पहुंचे और वहां मौजूद लोगों पर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। हमलावरों ने किसी की कमर, किसी के पेट तो किसी की पीठ पर चाकू मारा। अचानक हुए हमले से गली में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों का इलाज संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल किसी की मौत की सूचना नहीं है, लेकिन भीड़भाड़ वाले इलाके में जिस तरह से अचानक हमला किया गया, उससे बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
पीड़ित घनश्याम ने बताया कि वह घर के बाहर बाइक पर बैठे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर नशे की हालत में थे। घनश्याम के मुताबिक, युवकों ने अचानक हमला करने के लिए उकसाया और उनकी कमर में चाकू मार दिया। इसके बाद हमलावरों ने गली में आगे उनके एक रिश्तेदार पर भी हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में आए दिन ऐसी घटनाएं होती हैं और प्रशासन की कमजोर व्यवस्था के कारण लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
फिलहाल चाकूबाजी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने मंगोलपुरी की कानून-व्यवस्था और स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर सभी की नजरें टिकी हैं।