Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रा में 4 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार, बालटाल मार्ग से जारी दर्शन
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Amarnath Yatra 2026
अमरनाथ यात्रा में चार लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।
बालटाल मार्ग से यात्रा जारी, पहलगाम मार्ग पर मरम्मत कार्य के चलते आवाजाही बंद।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और सहयोग की अपील की।
Srinagar / मौसम साफ होने के बाद रविवार को भी बालटाल मार्ग से श्री अमरनाथ यात्रा सुचारु रूप से जारी रही। यात्रा ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए चार लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार कर लिया। हालांकि, हालिया भारी बारिश से हुए नुकसान के कारण पारंपरिक पहलगाम मार्ग को फिलहाल बंद रखा गया है और वहां मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य जारी है।
बालटाल से पवित्र गुफा तक पूरे दिन बादल छाए रहे, लेकिन मौसम अनुकूल रहने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही बिना किसी बाधा के जारी रही। जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से रविवार सुबह 4,474 श्रद्धालुओं का 19वां जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। यह जत्था 166 वाहनों के काफिले के साथ सुबह करीब 2:40 बजे बालटाल आधार शिविर के लिए निकला और दोपहर तक सुरक्षित पहुंच गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जत्थे के अलावा भी हजारों श्रद्धालु सीधे बालटाल पहुंचे और वहां से सुबह पवित्र गुफा की ओर प्रस्थान किया। प्रशासन ने फिलहाल पूरी यात्रा को केवल बालटाल मार्ग से संचालित करने का निर्णय लिया है, क्योंकि पहलगाम मार्ग पर बारिश के कारण कई स्थानों पर क्षति पहुंची है और उसकी मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि पहलगाम मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने और मरम्मत कार्य पूरा होने तक यात्रा केवल बालटाल मार्ग से ही जारी रहेगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा सलाह का पालन करने की अपील की, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित होती रहे।
गौरतलब है कि 57 दिवसीय श्री अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई से हुई थी। यात्रा के दौरान खराब मौसम और भारी बारिश के कारण छह दिनों तक व्यवधान उत्पन्न हुआ, लेकिन मौसम में सुधार के बाद यात्रा ने फिर गति पकड़ ली। रविवार शाम तक बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या चार लाख से अधिक हो गई।
प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रा का समापन 28 अगस्त, यानी रक्षा बंधन के दिन होगा। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या इस बात का संकेत है कि बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह बना हुआ है।