सोनीपत मेडिकल कॉलेज में 2 MBBS इंटर्न से छेड़छाड़, सुरक्षा पर सवाल उठे
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Sonipat News
दो MBBS इंटर्न डॉक्टरों से कथित छेड़छाड़ के बाद कॉलेज में प्रदर्शन।
दो MBBS इंटर्न डॉक्टरों से कथित छेड़छाड़ के बाद कॉलेज में प्रदर्शन।
छात्रों ने सुरक्षा गार्ड, CCTV, लाइटिंग और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की।
Sonipat / खानपुर कलां स्थित बीपीएस गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में 15 अगस्त की रात करीब आधे घंटे के अंतराल में दो MBBS इंटर्न डॉक्टरों से कथित छेड़छाड़ और अभद्रता की घटनाओं ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों घटनाएं रात करीब 10:30 और 11 बजे के बीच हुईं। छात्राओं का आरोप है कि कैंपस में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था नहीं होने के कारण वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
आधे घंटे में दो घटनाएं
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, पहली घटना रात करीब 10:30 बजे हुई। एक MBBS इंटर्न ड्यूटी खत्म करने के बाद चाय लेकर हॉस्टल की ओर जा रही थी। आरोप है कि एक युवक ने उसका पीछा किया और अचानक उसका मुंह दबाकर उसके साथ हाथापाई की। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। इस दौरान उसकी गर्दन पर खरोंच आने की बात भी सामने आई है।
दूसरी घटना करीब 11 बजे हुई। शिकायत के अनुसार, एक अन्य ट्रेनी डॉक्टर लाइब्रेरी से हॉस्टल की ओर जा रही थी। आरोप है कि एक युवक ने उसका पीछा किया और हॉस्टल के पास पीछे से पकड़ लिया। छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसका मुंह और गला दबाया तथा उसके साथ अश्लील हरकत की। शोर मचाने पर आरोपी भाग गया।
आरोपी गिरफ्तार, झाड़ियों में छिपा था
पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है। 28 वर्षीय आरोपी उत्तर प्रदेश के झांसी का रहने वाला बताया गया है और करीब चार महीने पहले मेडिकल कॉलेज की निर्माण साइट पर मजदूरी करने आया था। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद वह झाड़ियों में छिपा हुआ था। उसे 16 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर छात्रों के गंभीर सवाल
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल और लाइब्रेरी के बीच कई हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं है और रात के समय सुरक्षा गार्ड भी पर्याप्त संख्या में तैनात नहीं रहते। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों की मौजूदगी पर्याप्त नहीं होती।
छात्रों का दावा है कि घटना के तुरंत बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस से मदद मांगी गई, लेकिन करीब दो घंटे तक प्रभावी सहायता नहीं मिली। पुलिस पेट्रोलिंग के लिए तैनात दुर्गा शक्ति टीम के कैंपस में करीब रात 1 बजे पहुंचने की बात कही गई है।
19 मांगों का ज्ञापन, डायरेक्टर कार्यालय के बाहर धरना
घटना के विरोध में मंगलवार को MBBS इंटर्न और अन्य छात्राओं ने डायरेक्टर कार्यालय के बाहर धरना दिया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन को 19 मांगों का ज्ञापन सौंपा। इनमें संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, पर्याप्त लाइटिंग, CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाना और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग जैसी मांगें शामिल हैं।
छात्राओं का कहना है कि पहले भी रात के समय डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका आरोप है कि अधिकारियों को शिकायतों की जानकारी देने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
650 छात्र, 120 MBBS इंटर्न, रोजाना करीब 2 हजार OPD
छात्रों के मुताबिक, कॉलेज में करीब 650 विद्यार्थी और लगभग 120 MBBS इंटर्न हैं। अस्पताल में रोजाना करीब 2 हजार की OPD होती है। ऐसे में इतने बड़े परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
कॉलेज डायरेक्टर जगदीश चंद्र दुरेजा ने कहा कि कैंपस काफी बड़ा है और सुरक्षा गार्डों की कमी है। कॉलेज प्रशासन ने सरकार से 80 अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड की आवश्यकता को लेकर मांग भेजी है। उन्होंने बताया कि आरोपी गिरफ्तार हो चुका है और पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। छात्रों की मांग के बाद कैंपस में लाइटिंग और CCTV कैमरों की व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।
अब छात्रों की मांग है कि केवल आश्वासन के बजाय कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत किया जाए, ताकि रात की ड्यूटी करने वाले डॉक्टरों और अन्य विद्यार्थियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।