डबरा में HPV वैक्सीन के बाद पांच किशोरियों की तबीयत बिगड़ी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Dabra-HPV-Vaccine-Airls-Health-Issue
डबरा के बारकरी जिगनिया गांव में एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने के बाद पांच किशोरियों की तबीयत बिगड़ी, इलाज के बाद अस्पताल में हालत स्थिर बताई गई।
मध्य प्रदेश में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान जारी, करीब 8 लाख किशोरियों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है।
Dabra/ मध्य प्रदेश के डबरा क्षेत्र से एचपीवी टीकाकरण अभियान के दौरान एक चिंताजनक मामला सामने आया है। पीछोर क्षेत्र के बारकरी जिगनिया गांव में एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने के बाद पांच किशोरियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चियों को उल्टी, चक्कर और घबराहट की शिकायत होने पर परिजन तुरंत उन्हें डबरा के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने टीकाकरण प्रक्रिया और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 14 वर्ष से अधिक आयु की किशोरियों को निशुल्क टीका लगाया जा रहा है। टीकाकरण के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी अस्पतालों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी अभियान के तहत बारकरी जिगनिया गांव में भी कुछ किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई थी। परिजनों का आरोप है कि टीकाकरण से पहले उन्हें किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई और उनकी अनुमति के बिना ही बच्चियों को टीका लगा दिया गया। बच्चियों ने घर पहुंचकर परिजनों को बताया कि उन्हें वैक्सीन दी गई है, जिसके कुछ समय बाद उन्हें घबराहट महसूस होने लगी।
मंगलवार को अचानक पांचों किशोरियों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी व चक्कर आने लगे। स्थिति बिगड़ने पर परिजन तुरंत उन्हें डबरा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में अंजलि, पूनम, रजनी, भारती और रेखा नाम की पांचों किशोरियों को भर्ती कर डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। उपचार के बाद फिलहाल सभी बच्चियों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने बच्चियों को पैसे और शादी में मदद का आश्वासन देकर एक फॉर्म पर हस्ताक्षर करवाए और उन्हें अपने साथ ले जाकर टीकाकरण कराया। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए बड़े स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लगभग 8 लाख किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है और अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।