सूरजकुंड मेला हादसा: झूला टूटने से इंस्पेक्टर की मौत, कंपनी मालिक गिरफ्तार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Faridabad Surajkund Mela Accident
सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से बड़ा हादसा.
पुलिस इंस्पेक्टर की मौत, कई लोग घायल.
झूला कंपनी मालिक गिरफ्तार, SIT जांच जारी.
Faridabad / फरीदाबाद के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेले में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। झूला टूटने से हुए इस हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि करीब 12 से 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है और मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, इन दिनों फरीदाबाद में सूरजकुंड मेला आयोजित किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 31 जनवरी को हुई थी और यह मेला 15 फरवरी तक चलना है। शुरुआती दिनों में मेला सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मेला परिसर में लगा ‘सुनामी’ नाम का झूला अचानक टूट गया। यह कोई साधारण झूला नहीं था, बल्कि 360 डिग्री घूमने वाला आधुनिक झूला था, जिसमें उस समय करीब 19 लोग सवार थे।
झूले के टूटकर नीचे गिरते ही पूरे मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच मौके पर तैनात पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद (58) के ऊपर एक भारी ग्रील गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ कई अन्य लोग भी चोटिल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने दम तोड़ दिया।
इंस्पेक्टर की मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे में घायल हुए लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए झूला लगाने वाली कंपनी ‘हिमाचल केयर फन केयर’ के मालिक मोहम्मद शाकिर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा कंपनी के स्टाफ सदस्य नितेश को भी हिरासत में लिया गया है, जो मेरठ का रहने वाला बताया जा रहा है। मोहम्मद शाकिर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले का निवासी है और जानकारी के अनुसार टूटे हुए झूले का मालिक भी वही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया है। हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है, जो यह पता लगाएगी कि झूले की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और अनुमति प्रक्रिया में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई। जांच में मेले के आयोजकों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी खंगाली जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर बड़े मेलों और मनोरंजन झूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें SIT की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सके कि इस दर्दनाक हादसे का जिम्मेदार कौन है।