नागपुर में SBL एनर्जी फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 15 की मौत 18 घायल

Sun 01-Mar-2026,11:21 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

Nagpur Blast
  • एसबीएल एनर्जी फैक्ट्री में जोरदार धमाका.

  • 15 मजदूरों की मौत, 18 गंभीर घायल.

  • प्रशासन और बचाव दल मौके पर तैनात.

Maharashtra / Nagpur :

Nagpur / महाराष्ट्र के नागपुर जिले से शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। कटोल तहसील के राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। उस समय फैक्ट्री की एक यूनिट में करीब 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे। एसबीएल एनर्जी लिमिटेड खनन और औद्योगिक कार्यों में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक बनाती है। बताया जा रहा है कि जब मजदूर रोज की तरह अपने काम में जुटे थे, तभी विस्फोटक तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ।

धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया। आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों को तुरंत नागपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन को आशंका है कि फैक्ट्री के अंदर अब भी कुछ मजदूर फंसे हो सकते हैं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें जारी हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और कहीं सुरक्षा मानकों में कोई चूक तो नहीं हुई। पूरा इलाका फिलहाल सुरक्षा घेरे में है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।