अपना दल (एस) का एमपी में दो दिवसीय सदस्यता अभियान संपन्न
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
apna dal s, madhya pradesh membership drive
एमपी में दो दिवसीय सदस्यता अभियान संपन्न.
ओबीसी 27% आरक्षण और आदिवासी मुद्दों पर जोर.
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प.
Betul / अपना दल (एस) मध्य प्रदेश द्वारा 22 और 23 फरवरी को आयोजित दो दिवसीय सदस्यता अभियान सह जिला कार्यकर्ता बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह कार्यक्रम पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल प्रदेश के दौरे पर रहे और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया। कार्यक्रम में राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम की उपस्थिति भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
रविवार को जिला बैतूल के डाक बंगला में जिला कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान करने और नए सदस्यों को जोड़ने पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद ग्राम परमंडल (मुलताई) में सदस्यता अभियान कार्यक्रम हुआ, जहां ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
आरक्षण और जमीन के मुद्दे पर जोर
ग्राम परमंडल में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव आर. बी. सिंह पटेल ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण कोई दया या भीख नहीं, बल्कि उनका संवैधानिक अधिकार है। 13 प्रतिशत आरक्षण पर लगाए गए होल्ड को जल्द हटाने की मांग करते हुए उन्होंने इसे सामाजिक न्याय से जुड़ा प्रश्न बताया।
उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों की जमीनों के मुद्दे पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि आदिवासी अंचलों की जमीनें उद्योगपतियों को दिए जाने की घटनाएं चिंताजनक हैं और इस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। सभा के दौरान ग्रामीणों ने सिंचाई और पीने के पानी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। पार्टी नेतृत्व ने आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
“यूपी में जारी है, एमपी की बारी है”
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अतुल मलिकराम ने जोश के साथ “यूपी में जारी है, एमपी की बारी है” का नारा दिया। उन्होंने कहा कि दलित, शोषित और वंचित वर्ग के लिए यदि केंद्र स्तर पर कोई मजबूती से आवाज उठा रहा है तो वह केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल हैं। उनके अनुसार, सत्ता पक्ष में रहते हुए भी समाज के मुद्दों को संसद में निर्भीकता से उठाना उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम संयोजक एस. आर. नागले और डॉ. अनूप चौरे सहित कई स्थानीय पदाधिकारी और ग्रामीणजन इस अवसर पर मौजूद रहे। सदाशिव जी, फूलचंद्र वर्मा जी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।
इटारसी में संगठन विस्तार पर मंथन
23 फरवरी को जिला नर्मदापुरम के इटारसी में जिला कार्यकर्ता बैठक और ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। यहां संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने और जमीनी मुद्दों को प्राथमिकता देने पर विशेष चर्चा हुई।
दो दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि सदस्यता अभियान केवल संख्या बढ़ाने का प्रयास नहीं है, बल्कि विचारधारा से जुड़े समर्पित कार्यकर्ताओं को तैयार करने की प्रक्रिया है। कार्यक्रमों के माध्यम से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने का संकल्प दोहराया गया।