Rajya Sabha Election 2026: 37 सीटों पर 16 मार्च को वोटिंग, शरद पवार समेत कई दिग्गजों का कार्यकाल खत्म

Wed 25-Feb-2026,08:03 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

Rajya Sabha Election 2026: 37 सीटों पर 16 मार्च को वोटिंग, शरद पवार समेत कई दिग्गजों का कार्यकाल खत्म Rajya Sabha Election 2026
  • 16 मार्च को 37 सीटों पर वोटिंग.

  • 5 मार्च तक नामांकन की आखिरी तारीख.

  • कई दिग्गज नेताओं का कार्यकाल समाप्त.

Delhi / Delhi :

Delhi / राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार इन सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होगा। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार समेत कई राज्यों की सीटें खाली हो रही हैं। कई वरिष्ठ और चर्चित नेताओं का कार्यकाल 2 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते यह चुनाव राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।

चुनाव का पूरा कार्यक्रम
राज्यसभा चुनाव के लिए 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 5 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 मार्च तक नाम वापस लेने की अंतिम तिथि तय की गई है। 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और 20 मार्च तक पूरी चुनाव प्रक्रिया समाप्त कर दी जाएगी।

किस राज्य में कितनी सीटें?
इन 37 सीटों में सबसे अधिक महाराष्ट्र की 7 सीटें खाली हो रही हैं। तमिलनाडु की 6, पश्चिम बंगाल और बिहार की 5-5 सीटों पर मतदान होगा। ओडिशा में 4, असम में 3, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में 2-2 सीटों पर चुनाव होगा। हिमाचल प्रदेश में 1 और तेलंगाना में 2 सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा।

किन नेताओं का खत्म हो रहा कार्यकाल?
महाराष्ट्र से जिन नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें डॉ. भागवत किशनराव कराड, डॉ. फौजा तहसीन अहमद खान, प्रियंका चतुर्वेदी, शरद पवार, धैर्याशील मोहन पाटिल, रजनी अशोकराव पाटिल और रामदास अठावले शामिल हैं।

ओडिशा से ममता महंता, मुजिबुल्ला खान, सुजीत कुमार और निरंजन बिशी का कार्यकाल समाप्त होगा।

तमिलनाडु से एन. आर. इलांगो, पी. सेल्वारसू, एम. थंबीदुरई, तिरुचि शिवा, डॉ. कणिमोझी और जी. के. वासन का कार्यकाल खत्म हो रहा है।

पश्चिम बंगाल से साकेत गोखले, रीताव्रत बनर्जी, बिकास रंजन भट्टाचार्य, मौसम नूर और सुब्रत बख्शी की सीटें खाली हो रही हैं।

असम से रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कलिता और अजीत कुमार भुइंया का कार्यकाल समाप्त होगा।

बिहार में अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और राज्यसभा के उपसभापति हरिबंश नारायण सिंह का कार्यकाल खत्म हो रहा है।

छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना से भी कई महत्वपूर्ण नामों का कार्यकाल समाप्त होगा, जिनमें कवि तेजपाल सिंह तुलसी, फुले देवी नेताम, किरण चौधरी, राम चंद्र जंगरा, इंदु बाला गोस्वामी, डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी और के. आर. सुरेश रेड्डी शामिल हैं।

क्यों अहम है यह चुनाव?
राज्यसभा में संख्या बल किसी भी सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, खासकर तब जब लोकसभा में बहुमत हो लेकिन उच्च सदन में समीकरण चुनौतीपूर्ण हों। ऐसे में इन 37 सीटों के परिणाम से संसद के भीतर राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ सकता है।

इसके अलावा, शरद पवार, कणिमोझी, रामदास अठावले और हरिबंश जैसे अनुभवी नेताओं का कार्यकाल समाप्त होना भी इस चुनाव को खास बनाता है।

अब नजर 5 मार्च तक दाखिल होने वाले नामांकनों और राजनीतिक दलों की रणनीति पर टिकी है। आने वाले दिनों में राज्यसभा चुनाव को लेकर राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।