राज्यसभा चुनाव 2026: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, सिंघवी समेत 6 नाम घोषित
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Rajya Sabha Election 2026
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए 6 उम्मीदवार घोषित किए.
तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी को टिकट.
सिंघवी ने पार्टी नेतृत्व का जताया आभार.
Delhi / कांग्रेस पार्टी ने 2026 के राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विभिन्न राज्यों से पार्टी उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है।
पार्टी द्वारा घोषित सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम को उम्मीदवार बनाया गया है। हरियाणा से करमवीर सिंह बौद्ध को टिकट दिया गया है, जबकि हिमाचल प्रदेश से कांगड़ा के जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनुराग शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया गया है। तमिलनाडु से एम. क्रिस्टोफर तिलक को राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है।
वहीं तेलंगाना से कांग्रेस ने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें वरिष्ठ नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी तथा वेम नरेंद्र रेड्डी शामिल हैं। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय से जारी प्रेस नोट में इन नामों की आधिकारिक घोषणा की और इसे प्रकाशन के लिए जारी किया।
इस बीच हैदराबाद में कांग्रेस नेता और तेलंगाना से राज्यसभा उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी ने अपनी उम्मीदवारी पर प्रतिक्रिया देते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का हर्ष और गौरव है कि उन्हें तेलंगाना से दोबारा राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।
सिंघवी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में उन्हें तेलंगाना के लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जो समर्थन और स्नेह मिला है, वह उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विश्वास और सहयोग आगे भी बना रहेगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी, उसके नेतृत्व और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।