भोपाल में पुलिस की बड़ी कॉम्बिंग कार्रवाई

Wed 11-Feb-2026,06:04 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

भोपाल में पुलिस की बड़ी कॉम्बिंग कार्रवाई Bhopal-Police-Combing-Drive-408-Arrested
  • त्योहारों से पहले भोपाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 पुलिसकर्मियों की कॉम्बिंग गश्त में 408 आरोपी गिरफ्तार।

  • चोरी की बाइक, सोना-चांदी बरामद; वारंटियों और फरार आरोपियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई।

Madhya Pradesh / Bhopal :

Bhopal/ आगामी त्योहारों के मद्देनज़र राजधानी भोपाल में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। मंगलवार देर रात पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के नेतृत्व में करीब 400 पुलिसकर्मियों ने शहर के विभिन्न इलाकों में एक साथ दबिश दी। इस विशेष अभियान का उद्देश्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंटियों की धरपकड़ और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना था। कार्रवाई में बड़ी संख्या में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने कुल 408 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 283 स्थायी वारंटी और 125 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा गंभीर अपराधों में फरार 8 बदमाशों, 2 इनामी आरोपियों, 5 वाहन चोरों, 2 नकबजनों और 4 जिला बदर आरोपियों को भी पकड़ा गया।

निशातपुरा स्थित अमन कॉलोनी के कुख्यात ईरानी डेरे पर विशेष घेराबंदी की गई। यहां से करीब 40 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में से 8 अन्य राज्यों में मोस्ट वांटेड बताए जा रहे हैं। दो इनामी बदमाश भी गिरफ्तार हुए हैं, जिनमें से एक पर डेढ़ लाख रुपये का इनाम घोषित था।

अभियान के दौरान चोरी की कई बाइक, सोना-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। ऐशबाग थाना पुलिस ने गोवंश से जुड़े प्रकरण में फरार 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहम्मद अमन को गिरफ्तार किया। वहीं अशोक गार्डन पुलिस ने 2 हजार रुपये के इनामी आरोपी को भी पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और गश्त को और सघन किया जाएगा।

भोपाल पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिला है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।