रायपुर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का नया पता

Fri 06-Mar-2026,01:06 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

रायपुर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का नया पता Raipur-Police-Commissioner-Office-Civil-Lines
  • नए कार्यालय का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने किया, जिसमें एडिशनल कमिश्नर अमित कामले सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

  • डॉ. संजीव शुक्ला ने 1990 में डीएसपी के रूप में सेवा शुरू की और बस्तर, दुर्ग, कांकेर तथा बिलासपुर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं।

Chhattisgarh / Raipur :

रायपुर/ राजधानी रायपुर में पुलिस प्रशासन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नर का कार्यालय अब नए पते से संचालित होगा। कमिश्नरेट कार्यालय को सिविल लाइन स्थित C-3 बंगले में स्थानांतरित कर दिया गया है। इससे पहले यह बंगला उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा का आधिकारिक निवास था। नए कार्यालय से अब राजधानी की कानून व्यवस्था, प्रशासनिक कार्य और पुलिस संचालन से जुड़ी सभी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

नए पुलिस कमिश्नर कार्यालय का उद्घाटन रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने किया। उद्घाटन के साथ ही कमिश्नरेट से जुड़े सभी प्रशासनिक और कार्यालयीन कार्य अब सिविल लाइन स्थित नए भवन से संचालित किए जाने लगे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नए परिसर में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और समन्वय के साथ पुलिस कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

उद्घाटन समारोह में पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस अमित कामले, डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर, डीसीपी सेंट्रल उमेश गुप्ता, डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और डीसीपी ट्रैफिक विकास कुमार सहित कई राजपत्रित अधिकारी और कार्यालयीन स्टाफ भी उपस्थित थे।

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला का पुलिस सेवा में लंबा और अनुभवपूर्ण करियर रहा है। उन्होंने वर्ष 1990 में डीएसपी के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। सागर पुलिस प्रशिक्षण अकादमी से प्रशिक्षण लेने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग बस्तर संभाग के किरंदुल थाने में ट्रेनी थाना प्रभारी के रूप में हुई थी। इसके बाद उन्होंने कोंटा में एसडीओपी के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।

अपने करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिलों और शहरों में जिम्मेदारियां निभाई हैं। इनमें भानुप्रतापपुर, भिलाई, इटारसी, नरसिंहपुर, कोरबा और भोपाल जैसे स्थान शामिल हैं, जहां उन्होंने सीएसपी के रूप में कार्य किया।

मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभाजन के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर का चयन किया और राजनांदगांव में पदस्थ हुए। इसके बाद वर्ष 2001 में प्रमोशन के बाद दुर्ग जिले में एडिशनल एसपी के रूप में उनकी नियुक्ति हुई, जहां उन्होंने लगभग सात वर्षों तक सेवाएं दीं।

डॉ. शुक्ला को वर्ष 2008 में मुख्यमंत्री सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। उन्होंने इस पद पर करीब ढाई साल तक कार्य किया। इसके अलावा वे नक्सल प्रभावित उत्तर बस्तर कांकेर रेंज में डीआईजी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

आईजी पद पर प्रमोशन के बाद उन्होंने सीआईडी में काम किया और पुलिस अकादमी में डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी निभाई। रायपुर पुलिस कमिश्नर बनने से पहले वे बिलासपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के पद पर कार्यरत थे।