राष्ट्रीय विद्यालय बैंड प्रतियोगिता 2025-26 से RDC 2026 में देशभक्ति का उत्साह
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
National School Band Competition 2025 26 RDC
चार श्रेणियों और तीन चरणों में आयोजित प्रतियोगिता का फाइनल 24 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में होगा।
रक्षा और शिक्षा मंत्रालय की संयुक्त पहल से विद्यार्थियों में अनुशासन, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गर्व को बढ़ावा।
New Delhi/ गणतंत्र दिवस समारोह (आरडीसी) 2026 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय राष्ट्रीय विद्यालय बैंड प्रतियोगिता 2025-26 का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विद्यालय और देश के प्रति एकता, अपनेपन और गर्व की भावना विकसित करना रहा। प्रतियोगिता में देशभर के स्कूलों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
राष्ट्रीय विद्यालय बैंड प्रतियोगिता तीन स्तरों राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय (फाइनल) में आयोजित की जाती है। इसमें चार श्रेणियां शामिल हैं: लड़कों का ब्रास बैंड, लड़कियों का ब्रास बैंड, लड़कों का पाइप बैंड और लड़कियों का पाइप बैंड। शिक्षा मंत्रालय ने अक्टूबर 2025 में इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए थे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 824 स्कूल बैंड टीमों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 763 टीमों के 18,013 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 94 टीमों का चयन क्षेत्रीय स्तर के लिए किया गया।
चारों क्षेत्रोंपूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण से चुनी गई 16 सर्वश्रेष्ठ बैंड टीमें 24 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय फाइनल में हिस्सा लेंगी। इन टीमों के प्रदर्शन का मूल्यांकन रक्षा मंत्रालय द्वारा नियुक्त जूरी करेगी, जिसमें थल सेना, नौसेना और वायुसेना के सदस्य शामिल होंगे।
रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय संयुक्त रूप से वर्ष 2023 से इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे हैं। यह पहल विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, टीमवर्क और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।