Punjab Election 2027 | AAP की दूसरी सूची में 31 उम्मीदवारों के नाम, सियासी हलचल

Thu 12-Nov-2026,05:37 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

Punjab Election 2027 | AAP की दूसरी सूची में 31 उम्मीदवारों के नाम, सियासी हलचल Punjab Election 2027: AAP Candidate List
  • AAP की दूसरी सूची में 31 विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

  • मुख्यमंत्री भगवंत मान PAC की बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंचे।

  • पहली सूची के बाद तीन विधायकों ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा।

Punjab / Amritsar :

Punjab / पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। पहली सूची के बाद पार्टी को तीन नेताओं के जाने से झटका लगा था। अब दूसरी सूची में किन चेहरों पर दांव लगाया गया है? आइए जानते हैं।

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी यानी AAP ने अपनी उम्मीदवार चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। पार्टी की दूसरी सूची के रूप में सामने आई जानकारी में 31 विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इस सूची को लेकर दिल्ली में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति यानी PAC की अहम बैठक हुई, जिसमें शामिल होने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी दिल्ली पहुंचे।

अब बात करते हैं उन उम्मीदवारों की, जिनके नाम साझा की गई सूची में शामिल हैं।
पहले माझा क्षेत्र की बात करें तो सुजानपुर से स्वर्ण एस. सलारिया, पठानकोट से रोहित स्याल, गुरदासपुर से रमन बहल, दीना नगर से शमशेर सिंह और कादियान से गुरइकबाल सिंह महल का नाम दिया गया है। फतेहगढ़ चूड़ियां से जोबन रंधावा, राजा सांसी से सोनिया मान, मजीठा से तलबीर सिंह गिल, अमृतसर उत्तर से करमजीत सिंह रिंटू और पट्टी से जसकंवर सिंह गिल को उम्मीदवार बताया गया है।

दोआबा क्षेत्र में भुलत्थ से एडवोकेट हरसिमरन सिंह, कपूरथला से दविंदर पाल सिंह रंगा, फगवाड़ा से डॉ. राज कुमार चब्बेवाल और फिल्लौर से हरजोत कौर लोहटिया का नाम शामिल है। शाहकोट से बलवीर सिंह पाला जलालपुर, जालंधर सेंट्रल से नितिन कोहली, जालंधर नॉर्थ से विनीत धीर, जालंधर कैंट से दीपक बाली, आदमपुर से पवन कुमार टीनू, मुकेरियां से सरबजीत सिंह साबी और नवांशहर से रॉबी कंग को टिकट दिए जाने की जानकारी दी गई है।

वहीं, अन्य क्षेत्रों में चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी, खरड़ से परमिंदर सिंह गोल्डी, दाखा से डॉ. के. एन. एस. कंग और जगराओं से सरवजीत कौर मानूंके का नाम है। अबोहर से डॉ. सुहानी डोडा, बल्लूआणा से अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर, लंबी से रणधीर सिंह धीरा खुदियां, बठिंडा देहाती से गोपाल सिंह, बरनाला से गुरमीत सिंह मीत हेयर और शुतराणा से वनिंदर कौर लूंबा को उम्मीदवार बताया गया है।

यह सूची ऐसे समय में सामने आई है, जब पहली सूची जारी होने के बाद पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा था। पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान को धुरी से और जेल में बंद संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से टिकट दिया गया था।

इसके बाद तीन नेताओं ने पार्टी छोड़ दी। समाना से विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने 1 नवंबर 2026 को AAP की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया। सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी पार्टी छोड़ी और विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया। वहीं, अमृतसर नॉर्थ से विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेजा। बाद में तीनों नेता भाजपा में शामिल हो गए।

इसके अलावा पट्टी से विधायक और पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आगामी चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है। उनका यह फैसला पार्टी की उम्मीदवार सूची से अलग बताया गया है।

अब देखना होगा कि उम्मीदवारों के चयन और पार्टी से नेताओं के जाने के बाद आम आदमी पार्टी पंजाब में अपनी चुनावी रणनीति को किस तरह आगे बढ़ाती है। साल 2027 का विधानसभा चुनाव राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम होने वाला है।