सेल-राइट्स MoU: स्टील संयंत्रों में लॉजिस्टिक्स और परिचालन दक्षता को बढ़ावा
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Sail-Rites-MOU-Logistics-Efficiency
यह साझेदारी कार्बन फुटप्रिंट घटाने और भविष्य की क्षमता विस्तार योजनाओं को समर्थन देने में सहायक बनेगी।
सेल और राइट्स के बीच MoU से स्टील संयंत्रों में लॉजिस्टिक्स दक्षता, लागत अनुकूलन और परिचालन विश्वसनीयता को नई मजबूती मिलेगी।
Delhi/ देश की महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की स्टील उत्पादक कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने लॉजिस्टिक्स और परिचालन दक्षता को नई मजबूती देने के उद्देश्य से नवरत्न उपक्रम राइट्स लिमिटेड (RITES) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह रणनीतिक साझेदारी सेल के संयंत्रों और खदानों में कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पादों तक निर्बाध परिवहन को और अधिक विश्वसनीय, किफायती और टिकाऊ बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
सेल अपने विभिन्न स्टील संयंत्रों और खानों में एक समर्पित ‘मिनी रेल नेटवर्क’ का संचालन करता है, जो कच्चे माल की आवक, आंतरिक स्थानांतरण और तैयार उत्पादों के निर्बाध आउट-बाउंड ट्रांसपोर्ट में अहम भूमिका निभाता है। इस नेटवर्क के संचालन में डीजल लोकोमोटिव बेड़े का महत्वपूर्ण योगदान है, जिनमें वेट-लीज्ड लोकोमोटिव भी शामिल हैं। इन लोकोमोटिव्स का प्रभावी रखरखाव और संचालन, सेल की वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य के विस्तार योजनाओं के लिए भी बेहद जरूरी है।
भारतीय रेलवे जहां तेजी से इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव की ओर संक्रमण कर रहा है, वहीं राइट्स लिमिटेड के पास डीजल लोकोमोटिव संचालन और रखरखाव का लंबा अनुभव और विशेषज्ञता है। इस विशेषज्ञता के जरिए राइट्स, सेल के डीजल लोकोमोटिव बेड़े के सुचारु संचालन में तकनीकी और परिचालन सहयोग प्रदान करेगा। भारतीय रेलवे की सुविधाओं, स्पेयर पार्ट्स और प्रशिक्षित मानव संसाधन तक राइट्स की पहुंच, इस साझेदारी को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
यह MoU दोनों सार्वजनिक उपक्रमों को अपनी-अपनी मुख्य दक्षताओं पर फोकस करने, लागत अनुकूलन, परिचालन दक्षता बढ़ाने और कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में मदद करेगा। इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स प्रक्रिया में विश्वसनीयता और समयबद्धता भी सुनिश्चित होगी।
इस समझौता ज्ञापन पर सेल की ओर से कार्यपालक निदेशक (प्रचालन) श्री पी.के. बैसाखिया और राइट्स की ओर से कार्यपालक निदेशक (तकनीकी सेवाएं) श्री संदीप जैन ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।