बिहार में बर्ड फ्लू की पुष्टि

Mon 02-Feb-2026,05:32 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

बिहार में बर्ड फ्लू की पुष्टि Bihar-Bird-FLU-Confirmed-Bhagalpur-Naugachia
  • 10 किलोमीटर के दायरे में हाई अलर्ट, पोल्ट्री फार्मों की सघन जांच और सेनेटाइजेशन अभियान तेज

  • प्रशासन की अपील मृत पक्षियों से दूरी रखें, अफवाहों से बचें और सतर्कता बरतें

Bihar / Patna :

Bihar/ भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल परिसर स्थित मैदान में 150 से अधिक कौओं की मौत के मामले ने जब तूल पकड़ा, तब प्रशासन ने तुरंत जांच के आदेश दिए। मृत कौओं के सैंपल पटना और भोपाल स्थित उच्च स्तरीय प्रयोगशालाओं में भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट में एवियन इन्फ्लुएंजा (Bird Flu) वायरस की पुष्टि होते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

रिपोर्ट सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर 10 किलोमीटर के दायरे में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीमें इलाके में लगातार निगरानी कर रही हैं। संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर सेनेटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा सभी पोल्ट्री फार्मों से सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं। जीरो सर्विलेंस नीति के तहत दोबारा जांच की जा रही है ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। पोल्ट्री फार्म संचालकों को जैव-सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह मामला 11 जनवरी को सामने आया था, जब सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने एक ही स्थान पर बड़ी संख्या में मृत कौओं को देखा। कुछ पक्षी तड़पती हालत में भी मिले थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी मृत पक्षियों को सुरक्षित प्रोटोकॉल के तहत हटाया गया।

जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अंजली कुमारी सिन्हा ने बताया कि प्रारंभ में अत्यधिक ठंड को मौत का कारण माना जा रहा था, लेकिन जांच रिपोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि कौओं की मौत बर्ड फ्लू संक्रमण से हुई है। उन्होंने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात बेहद जरूरी है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी मृत या बीमार पक्षी के संपर्क में न आएं और ऐसी स्थिति दिखने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें। नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों में हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।