दुधकैयां, राजिम में धार्मिक तनाव: प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस तैनात की

Mon 02-Feb-2026,01:57 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

दुधकैयां, राजिम में धार्मिक तनाव: प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस तैनात की Dudhkaiya-Rajim-Communal-Clash
  • राजिम के दुधकैयां गांव में शिव मंदिर विवाद के बाद हिंसक झड़प, आगजनी और पथराव की घटनाएं सामने आईं।

  • अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

Chhattisgarh / Raipur :

Raipur/ राजिम के दुधकैयां गांव में सोमवार को दो समुदायों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना की शुरुआत शिव मंदिर में तोड़फोड़ से हुई। एक युवक द्वारा मंदिर की तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल से रिहा होने के बाद आरोपी अपने रिश्तेदारों के साथ गांव लौटा, जिससे विवाद दोबारा भड़क गया।

झड़प के दौरान गांव निवासी नरेंद्र साहू पर तीन युवकों ने लकड़ी के डंडों से हमला किया। उनके हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस घटना की सूचना मिलने के बावजूद तुरंत मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

गांव में मारपीट और तनाव फैलने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी से जुड़े घरों और वाहनों में आग लगा दी। देखते ही देखते माहौल और हिंसक हो गया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल की मदद लेनी पड़ी। एसपी ने बताया कि पुलिस को पथराव का सामना करना पड़ा, जिसमें कई जवान घायल हुए।

प्रशासन ने गरियाबंद, रायपुर, महासमुंद, दुर्ग और राजनांदगांव जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात नियंत्रण में किए। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार पूरी गंभीरता से स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी और विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। बुलडोजर चलाने को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल कानून के दायरे में ही कदम उठाएगी।

प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने के लिए लगातार निगरानी रखने की अपील की है। लोगों से शांत रहने और कानून का पालन करने की सलाह दी गई है।