पीएम मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, 'ग्रेट ऑनर निशान' से नवाजा गया
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
इथियोपिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान’ से सम्मानित किया, भारत-अफ्रीका संबंधों को मिली नई मजबूती।
इस सम्मान के साथ पीएम मोदी को अब तक विभिन्न देशों से कुल 28 सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने यह सम्मान भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित कर वैश्विक मंच पर देश की ताकत को दर्शाया।
दिल्ली/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक और बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि मिली है। इथियोपिया ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान’ (Great Order of Honour) से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें भारत-इथियोपिया संबंधों को मजबूत करने और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को नई ऊंचाई देने के लिए प्रदान किया गया। इस सम्मान के साथ प्रधानमंत्री मोदी को अब तक दुनिया के विभिन्न देशों से कुल 28 सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों तीन देशों की विदेश यात्रा पर हैं। वे पहले जॉर्डन पहुंचे और इसके बाद इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंचे। इथियोपिया की धरती पर पहुंचते ही उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने यह पुरस्कार भारत के 140 करोड़ नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि भारत और उसके लोगों का है।
सम्मान ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,
“विश्व की अति प्राचीन और समृद्ध सभ्यता द्वारा सम्मानित किया जाना मेरे लिए अत्यंत गौरव की बात है। मैं इस सम्मान को सभी भारतवासियों की ओर से पूरी विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं। यह उन अनगिनत भारतीयों का सम्मान है जिन्होंने भारत-इथियोपिया साझेदारी को आकार दिया।”
इथियोपिया का ‘ग्रेट ऑनर निशान’ सम्मान देश के गौरवशाली इतिहास और कूटनीतिक परंपरा का प्रतीक माना जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1884–85 में इथियोपिया के सम्राट मेनेलिक द्वितीय (Menelik II) ने की थी। इसे ‘द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ इथियोपिया’ के नाम से भी जाना जाता है। यह सम्मान विदेशी राष्ट्राध्यक्षों, राजाओं और विशिष्ट व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने इथियोपिया की सेवा की हो या फिर द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती प्रदान की हो।
प्रधानमंत्री मोदी से पहले यह सम्मान ब्रिटेन के किंग जॉर्ज VI, प्रिंस आर्थर और यूरोप के कई शाही परिवारों के सदस्यों को दिया जा चुका है। पीएम मोदी को यह सम्मान मिलना भारत-अफ्रीका संबंधों की गहराई और भारत की बढ़ती वैश्विक साख को दर्शाता है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इससे पहले भी कई देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से नवाजा है। वर्ष 2025 में ही नामिबिया, ब्राजील और त्रिनिदाद एंड टोबैगो ने उन्हें अपने शीर्ष सम्मान प्रदान किए थे। इसके अलावा पापुआ न्यू गिनी, फिजी, पलाऊ, मिस्र, फ्रांस सहित कई देश पीएम मोदी को सम्मानित कर चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार मिल रहे ये अंतरराष्ट्रीय सम्मान भारत की कूटनीतिक शक्ति, वैश्विक नेतृत्व और विकासशील देशों के बीच बढ़ते प्रभाव का स्पष्ट संकेत हैं।