Pakistan News: Karachi में Uzair Baloch के भाई Zubair Baloch पर जानलेवा हमला, गैंगवार की आशंका तेज
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Karachi Crime News
कराची में उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की।
पुलिस CCTV फुटेज, फॉरेंसिक जांच और गैंगवार एंगल से मामले की जांच कर रही है।
हमले के बाद ल्यारी में सुरक्षा बढ़ाई गई, अतिरिक्त पुलिस और रेंजर्स तैनात किए गए।
Pakistan / पाकिस्तान के कराची शहर में गुरुवार शाम कुख्यात गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर जानलेवा हमला हुआ। कराची के संवेदनशील ल्यारी इलाके में स्थित उनके घर के बाहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में 40 वर्षीय जुबैर बलोच गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गोलीबारी की चपेट में आए दो राहगीर भी जख्मी हुए हैं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जुबैर के सीने और पेट में कई गोलियां लगी हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घायलों को तत्काल कराची के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जुबैर की आपातकालीन सर्जरी की। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घायल राहगीरों में से एक की हालत भी गंभीर है और उसका इलाज जारी है।
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। घटनास्थल से गोलियों के कई खोखे भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच एजेंसियां इस्तेमाल किए गए हथियारों और हमले की योजना से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हैं।
हमले के बाद पूरे ल्यारी इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल और पाकिस्तान रेंजर्स की तैनाती कर दी गई है। कराची के सभी प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। दक्षिण कराची के डीआईजी सैयद असद रजा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हमला गैंगवार, पुरानी दुश्मनी या किसी अन्य कारण से हुआ। किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जुबैर बलोच को वर्ष 2012 में सात आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया गया था और वह जनवरी 2025 में जेल से रिहा हुआ था। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगा रही हैं कि उसकी पुरानी आपराधिक रंजिशों का इस हमले से कोई संबंध है या नहीं। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि जुबैर ने हाल ही में एक राजनीतिक दल का दामन भी थामा था, हालांकि सुरक्षा कारणों से उस दल का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
उधर, इस घटना के बाद कराची में एक बार फिर गैंगवार की आशंकाएं बढ़ गई हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि कराची ऑपरेशन के दौरान दुबई और ईरान भागे कई गैंगस्टरों की वापसी की चर्चाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
उजैर बलोच कभी कराची के सबसे प्रभावशाली गैंगस्टरों में गिना जाता था। रहमान डकैत की मौत के बाद उसने ल्यारी के अपराध जगत की कमान संभाली थी। फिलहाल वह पाकिस्तान की जेल में बंद है। इसी वर्ष मार्च में आतंकवाद विरोधी अदालत ने हत्या, पुलिस पर हमले और विस्फोटक रखने समेत सात मामलों में उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इससे पहले वर्ष 2020 में एक सैन्य अदालत ने उसे जासूसी के मामले में 12 वर्ष की सजा सुनाई थी। हाल ही में भारतीय स्पाई-थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' में उसके किरदार को दिखाए जाने के बाद भी उसका नाम चर्चा में रहा है।