Amarnath-Vaishno Devi Yatra News: IMD अलर्ट के बाद प्रशासन का बड़ा फैसला
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Amarnath-Vaishno Devi Yatra News
खराब मौसम के कारण अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित।
भारी बारिश, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की आशंका के बीच प्रशासन अलर्ट।
श्रद्धालुओं से केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील।
श्रीनगर/कटरा। जम्मू-कश्मीर में लगातार बिगड़ते मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्री अमरनाथ यात्रा और श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की प्रतिकूल मौसम संबंधी चेतावनी के बाद यह निर्णय लिया गया है।
कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि 19 जुलाई से अमरनाथ यात्रा को पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। फिलहाल बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी बेस कैंप से किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मौसम सामान्य होने और पूरे मार्ग की सुरक्षा का आकलन करने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा।
इस वर्ष अब तक 3.76 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक घाटी में भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका जताई है। विशेष रूप से बालटाल मार्ग पर जोखिम अधिक होने के कारण प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।
साल 2022 में अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने की घटना में कई श्रद्धालुओं की जान चली गई थी। उसी हादसे से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। हाल ही में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नुनवान बेस कैंप का दौरा कर सभी आपातकालीन एजेंसियों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश भी दिए थे।
उधर, कटरा से संचालित श्री माता वैष्णो देवी यात्रा भी खराब मौसम के कारण रविवार सुबह तक के लिए रोक दी गई है। प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और हालात सामान्य होने के बाद ही यात्रा फिर से शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। बोर्ड ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचने, सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौसम सामान्य होने तक निर्धारित स्थानों पर ही रुकने का अनुरोध किया है। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और अनुकूल परिस्थितियां बनने पर दोनों यात्राएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी।