Digha Tragedy: शूटिंग के दौरान मौत—राहुल बनर्जी का अचानक निधन, सदमे में टॉलीवुड

Sun 29-Mar-2026,09:23 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

Digha Tragedy: शूटिंग के दौरान मौत—राहुल बनर्जी का अचानक निधन, सदमे में टॉलीवुड Rahul Arunoday Banerjee Death
  • शूटिंग के दौरान समुद्र में हादसा.

  • अस्पताल ले जाते समय मौत.

  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा.

West Bengal / Kolkata :

Kolkata / बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेता Rahul Arunoday Banerjee का दीघा में शूटिंग के दौरान अचानक निधन हो गया। इस खबर ने न सिर्फ उनके परिवार और करीबियों को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरी टॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

बताया जा रहा है कि राहुल इन दिनों स्टार जलसा के चर्चित सीरियल ‘भोले बाबा पार करेगा’ में लीड रोल निभा रहे थे। इसी सिलसिले में पूरी शूटिंग यूनिट दीघा के पास तलसारी पहुंची थी। शूटिंग खत्म होने के बाद राहुल अपनी को-स्टार के साथ समुद्र किनारे टहलने और पानी का आनंद लेने चले गए। लेकिन यह सुकून भरा पल अचानक हादसे में बदल गया, जब वह तेज लहरों की चपेट में आकर गहरे पानी में डूबने लगे।

मौके पर मौजूद टेक्नीशियनों ने जैसे ही उन्हें संघर्ष करते देखा, तुरंत बचाने के लिए दौड़े और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। फेडरेशन से जुड़े दिगंत बागची ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जब राहुल को पानी से बाहर निकाला गया, तब उनकी सांसें चल रही थीं। उन्हें तुरंत दीघा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अफसोस कि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

हालांकि, उनकी मौत की असली वजह को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। शुरुआती जानकारी में इसे डूबने का मामला बताया जा रहा है, लेकिन यह भी आशंका जताई जा रही है कि उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा हो। पूर्बा मेदिनीपुर जिले के एडिशनल एसपी आतिश बिस्वास ने कहा है कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

Rahul Arunoday Banerjee टॉलीवुड का एक जाना-पहचाना चेहरा थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी और बाद में टीवी और फिल्मों में अपनी खास पहचान बनाई। ज़ी बांग्ला के लोकप्रिय शो में ‘आदित्य’ के किरदार से उन्हें पहली बड़ी पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों और सीरियल्स में काम किया।

उन्होंने निर्देशक Raj Chakraborty की फिल्म ‘चिरदिनी तुमी जे आमार’ से टॉलीवुड में डेब्यू किया था, जिसमें उनकी पत्नी Priyanka Sarkar भी उनके साथ नजर आई थीं। यह फिल्म और इसके गाने आज भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।

राहुल का पॉडकास्ट ‘सहज कथा’ भी काफी चर्चित रहा है। हाल के वर्षों में ब्रेक के बाद उन्होंने फिर से टीवी पर वापसी की थी और ‘भोले बाबा पार करेगा’ व ‘हरगौरी पैसे होटल’ जैसे सीरियल्स में नजर आ रहे थे।

उनकी अचानक मौत ने इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है। फैंस और साथी कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।