NH-205 पर लैंडस्लाइड, कार पर गिरी चट्टान; एक की मौत, पत्नी-बेटा घायल
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
NH-205 लैंडस्लाइड
NH-205 पर चट्टान गिरने से एक व्यक्ति की मौत।
कार सवार पत्नी और बेटा घायल।
मलबा हटाकर मार्ग यातायात के लिए खोला गया।
Shimla / हिमाचल प्रदेश के एनएच-205 शिमला-मंडी मार्ग पर दसेरन (छैता) के समीप मंगलवार को लैंडस्लाइड के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी-भरकम चट्टान सड़क पर आ गिरी और शिमला से बिलासपुर की ओर जा रही वेगनार कार से जा टकराई। हादसे में कार सवार 63 वर्षीय अनिल बक्शी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार मृतक अनिल बक्शी पुत्र राम शरण बक्शी, छोटा शिमला के निवासी थे। हादसे के समय कार में उनकी पत्नी 58 वर्षीय बिजेश्वरी बक्शी और बेटा 27 वर्षीय करण बक्शी भी मौजूद थे। चट्टान की चपेट में आने से दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्की पहुंचाया गया।
अस्पताल में घायलों को फौरी राहत के तौर पर पांच-पांच हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। वहीं, अनिल बक्शी की मौत के बाद पुलिस ने शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कब्जे में लिया।
एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
लैंडस्लाइड के कारण सड़क पर भारी मलबा और पत्थर गिरने से एनएच-205 पर यातायात भी बाधित हो गया। सूचना मिलने के बाद जेसीबी और एक्सकेवेटर मशीनों को मौके पर भेजा गया। मशीनों की मदद से सड़क पर गिरे मलबे और चट्टानों को हटाया गया, जिसके बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।
डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार लैंडस्लाइड का खतरा बना रहता है। इस हादसे ने एक बार फिर शिमला-मंडी मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।