PM Modi Launches 'Nasha Mukt Yuva Sankalp Abhiyan' for Viksit Bharat | विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा अभियान

Mon 03-Aug-2026,12:00 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

PM Modi Launches 'Nasha Mukt Yuva Sankalp Abhiyan' for Viksit Bharat | विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा अभियान PM Modi Launches 'Nasha Mukt Yuva Sankalp Abhiyan' for Viksit Bharat
Delhi / Delhi :

New Delhi / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान' का शुभारंभ करते हुए देशभर के युवाओं से नशे के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। राष्ट्रव्यापी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के 28,000 से अधिक स्थानों से एक करोड़ से ज्यादा युवा जुड़े। प्रधानमंत्री ने इस अवसर को केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य से जुड़ा सामूहिक संकल्प बताते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वासी तथा नशे जैसी विनाशकारी आदतों से पूरी तरह मुक्त होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए युवाओं का नशामुक्त रहना राष्ट्रीय विकास की अनिवार्य शर्त है।

श्री मोदी ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत पिछले वर्ष काशी में एक पायलट परियोजना के रूप में हुई थी। 'काशी घोषणा' के अंतर्गत 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों और अनेक गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से शुरू हुई यह पहल अब राष्ट्रीय अभियान का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक चेतना, वैज्ञानिक सोच और सामाजिक सहभागिता के समन्वय ने इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाया है।

कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत @2047' विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि मेरा युवा भारत (MY Bharat) मंच के माध्यम से देशभर के 2.23 करोड़ से अधिक युवा राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जुड़ चुके हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार स्वच्छ भारत और फिट इंडिया जैसे अभियान जन आंदोलन बने, उसी प्रकार नशा मुक्त भारत का यह अभियान भी व्यापक जनभागीदारी प्राप्त करेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे, 26 राज्यों के राज्यपाल, 11 राज्यों के मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक तथा MY Bharat के लाखों युवा भी अभियान से जुड़े। प्रधानमंत्री ने नशा विरोधी शपथ लेने वाले युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार कला, संस्कृति, खेल, योग और ध्यान से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो देशभर में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएंगे।

प्रधानमंत्री ने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज भारत के युवा स्टार्टअप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष, विज्ञान और खेल जैसे क्षेत्रों में विश्व स्तर पर पहचान बना रहे हैं, लेकिन नशे की लत उनकी प्रतिभा, करियर और परिवार को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने कहा कि नशे से केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है तथा अंततः राष्ट्र की शक्ति भी कमजोर पड़ती है।

उन्होंने परिवारों से अपील की कि यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ जाए तो उसे छिपाने के बजाय समय पर चिकित्सा और परामर्श उपलब्ध कराया जाए। योग, ध्यान, पुनर्वास केंद्र और सामाजिक सहयोग को नशामुक्ति का प्रभावी माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि नशे की लत से बाहर आने वाले युवाओं को समाज सम्मान और दूसरा अवसर दे।

प्रधानमंत्री ने शिक्षकों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से भी नशे के दुष्प्रभावों पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम चलाने का आग्रह किया। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि सरकार नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है और हजारों करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की युवा शक्ति नशामुक्त रहकर अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाएगी और विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगी।