West Bengal / Kolkata : Kolkata / पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं, और भाजपा इस बार कोई कसर छोड़ने के मूड में नहीं दिख रही। पार्टी ने एक व्यापक और आक्रामक मेगा कैंपेन प्लान तैयार किया है, जिसके तहत शीर्ष नेताओं को मैदान में उतारकर बड़े पैमाने पर जनसंपर्क और शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में कुल 14 कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इनमें बड़ी जनसभाएं और भव्य रोड शो शामिल होंगे, जिनके जरिए सीधे मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति बनाई गई है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 8 कार्यक्रमों में भाग लेंगे। शाह का फोकस खासतौर पर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना रहेगा।
इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 6 जनसभाओं के जरिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएंगे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस चुनावी अभियान में अहम भूमिका निभाएंगे और 8 कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके रोड शो और भाषणों के जरिए भाजपा अपने कोर वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश करेगी।
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म अभिनेता से नेता बने मिथुन चक्रवर्ती भी इस बार पूरी तरह सक्रिय नजर आएंगे। वह राज्य में 10 चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिससे पार्टी को खासकर बंगाल के स्थानीय मतदाताओं से जुड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।
भाजपा की यह रणनीति साफ संकेत देती है कि पार्टी पश्चिम बंगाल में अपनी पकड़ मजबूत करने और सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। लगातार रैलियों, रोड शो और जनसभाओं के जरिए माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में राज्य में राजनीतिक माहौल और भी गरमाने की पूरी संभावना है।