बजट सत्र 2026 में हंगामा, बजट और किसानों के मुद्दे पर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने

Mon 09-Feb-2026,12:55 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

बजट सत्र 2026 में हंगामा, बजट और किसानों के मुद्दे पर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने Budget-Session-2026-Opposition-Protest-Loksabha-Rajyasabha
  • बजट सत्र 2026-27 में केंद्रीय बजट पर चर्चा हंगामे की भेंट चढ़ी, विपक्ष ने आर्थिक और किसान मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई।

  • इंडिया-यूएस ट्रेड डील, कृषि आयात और प्राथमिकताओं को लेकर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने, INDIA ब्लॉक ने संयुक्त रणनीति पर मंथन तेज किया।

Delhi / Delhi :

Delhi/ संसद के बजट सत्र 2026-27 के दौरान सोमवार को केंद्रीय बजट पर सामान्य चर्चा की शुरुआत हंगामे के बीच ही बाधित हो गई। प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी दलों के विरोध के कारण लोकसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी। बजट को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पहले से ही तीखे टकराव के संकेत थे, जो सत्र के पहले ही दिन खुलकर सामने आ गए। इस बीच राज्यसभा में स्वास्थ्य, कृषि और विदेश व्यापार जैसे अहम मुद्दों पर भी सवाल उठे।

बजट पर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने

1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना चुका है। खासतौर पर इंडिया-यूएस अंतरिम ट्रेड डील, कृषि आयात पर शून्य शुल्क, किसानों के हितों की अनदेखी और आर्थिक प्राथमिकताओं को लेकर तीखी बहस की संभावना जताई जा रही है। INDIA ब्लॉक ने सत्र के दौरान साझा रणनीति तय करने के लिए राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक बुलाने का फैसला किया है।

एम्स दिल्ली की स्थिति पर सवाल

राज्यसभा में आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने एम्स दिल्ली में मरीजों की बढ़ती भीड़ और सीमित ओपीडी क्षमता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि एम्स देश के गरीब और गंभीर मरीजों के लिए आखिरी उम्मीद है, लेकिन लंबे वेटिंग पीरियड और अपर्याप्त शेल्टर होम्स के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में निजीकरण के बढ़ते प्रभाव पर भी चिंता जताई।

राहुल गांधी विवाद और कार्यवाही स्थगित

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का अवसर न मिलने पर विवाद गहरा गया है। विपक्ष इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बता रहा है और स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। लगातार हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही पहले 12 बजे और फिर दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।