रायपुर के पास चलती बस और कार में आग
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Raipur-Bus-Car-Fire-Incident
रायपुर के खरोरा और तेलीबांधा इलाकों में चलती बस और कार में आग, समय रहते यात्रियों की जान बची
चालक और कार सवारों की सतर्कता से बड़ा हादसा टला, दमकल ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू
Raipur/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आसपास सोमवार को दो अलग-अलग जगहों पर वाहनों में अचानक आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना खरोरा थाना क्षेत्र में चलती यात्री बस में आग लगने की रही, जबकि दूसरी घटना रायपुर शहर के तेलीबांधा इलाके में एक चलती कार में आग लगने की थी। राहत की बात यह रही कि दोनों ही मामलों में समय रहते सभी यात्रियों और सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बस में आग, चालक की सूझबूझ से टली अनहोनी
जानकारी के मुताबिक बलौदाबाजार से रायपुर जा रही एक यात्री बस खरोरा थाना क्षेत्र के भैंसा गांव के पास पहुंची ही थी कि अचानक बस से धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में आग ने बस के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने हालात भांपते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को बाहर निकाल दिया। यात्रियों को सुरक्षित दूरी पर पहुंचाने के बाद प्रशासन को सूचना दी गई।
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और तकनीकी टीम बस की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य तकनीकी खराबी के चलते।
तेलीबांधा में चलती कार बनी आग का गोला
इसी दिन रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित अग्रसेन चौक के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। झारखंड नंबर की सूमो ग्रैंड कार में सवार छह लोगों ने तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और दमकल के पहुंचने से पहले ही वाहन जलकर खाक हो गया।
वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस
कार में आग लगने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेज लपटें और घना धुआं साफ नजर आ रहा है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है और प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।