भोपाल-नवी मुंबई सीधी उड़ान 1 फरवरी से शुरू, 90 मिनट में पूरा होगा हवाई सफर
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
indigo bhopal navi mumbai flight
1 फरवरी से भोपाल और नवी मुंबई के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों का सफर समय घटकर केवल 90 मिनट रह जाएगा।
नई हवाई सेवा से मध्य प्रदेश में व्यापार, पर्यटन और निवेश गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Bhopal/ मध्य प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है। 1 फरवरी से भोपाल और नवी मुंबई के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे यात्रियों को तेज और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा। इस नई उड़ान के शुरू होने से राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नवी मुंबई की दूरी महज 90 मिनट में तय की जा सकेगी।
फिलहाल भोपाल से मुंबई के लिए तीन उड़ानों का संचालन होता है, जिनमें दो इंडिगो और एक एयर इंडिया की फ्लाइट शामिल है। नई सेवा के जुड़ने से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और यात्रा दबाव भी कम होगा। यह नई उड़ान सप्ताह के सातों दिन संचालित की जाएगी।
जारी शिड्यूल के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 2297 सुबह 6 बजे नवी मुंबई से रवाना होकर सुबह 7:30 बजे भोपाल पहुंचेगी। वहीं वापसी में फ्लाइट 6E 2298 भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से सुबह 8 बजे उड़ान भरकर 9:30 बजे नवी मुंबई पहुंचेगी। इस रूट के लिए टिकटों की बिक्री जल्द शुरू होने की संभावना है।
नई हवाई सेवा से न केवल व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन, शिक्षा और चिकित्सा यात्राओं के लिए भी यह सुविधा उपयोगी साबित होगी।