ट्रेनें शुरू फिर भी संकट, रायपुर-दिल्ली रूट पर लंबी वेटिंग

Sat 25-Apr-2026,01:56 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

ट्रेनें शुरू फिर भी संकट, रायपुर-दिल्ली रूट पर लंबी वेटिंग Raipur-Delhi-Train-Ticket-Waiting-List-Crisis
  • रायपुर-दिल्ली रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ने के बावजूद भारी भीड़, स्लीपर और एसी कोच में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों को राहत नहीं मिल रही।

  • मई महीने के लिए अधिकांश ट्रेनों में टिकट फुल, 1 जून के बाद ही कंफर्म टिकट मिलने की उम्मीद, तत्काल टिकट भी मिनटों में खत्म हो रहे।

  • कोलकाता रूट पर भी यही हाल, प्रमुख ट्रेनों में बुकिंग बंद, बढ़ती मांग और सीमित सीटों के कारण टिकट संकट लगातार बना हुआ है।

Chhattisgarh / Raipur :

Raipur/ करीब 20 दिनों के लंबे इंतजार के बाद भारतीय रेलवे ने समता, गोंडवाना और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया है। हालांकि ट्रेनों की बहाली से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन रायपुर से दिल्ली और कोलकाता रूट पर टिकट संकट अभी भी बरकरार है। यात्रियों को कंफर्म टिकट पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

राजधानी रायपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रेलवे ने इस रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर चार कर दी है, लेकिन बढ़ती मांग के सामने यह संख्या भी कम पड़ रही है। स्लीपर से लेकर एसी कोच तक हर श्रेणी में लंबी वेटिंग लिस्ट देखने को मिल रही है।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि मई महीने के लिए लगभग सभी ट्रेनों में टिकट फुल हो चुके हैं। यात्रियों को अब 1 जून के बाद की तारीखों में ही कंफर्म टिकट मिलने की उम्मीद है। वेटिंग लिस्ट कई ट्रेनों में 50 से 80 के पार पहुंच चुकी है, जिससे कंफर्म टिकट की संभावना बेहद कम हो गई है। तत्काल टिकट भी कुछ ही मिनटों में खत्म हो जा रहे हैं, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।

सिर्फ स्लीपर कोच ही नहीं, बल्कि एसी कोच में भी भारी दबाव देखा जा रहा है। समता एक्सप्रेस में स्लीपर और थर्ड एसी दोनों में लंबी वेटिंग दर्ज की गई है। वहीं गोंडवाना एक्सप्रेस में बुकिंग पूरी तरह से बंद हो चुकी है। इससे साफ है कि यात्रियों की संख्या के मुकाबले सीटें बेहद सीमित हैं।

कोलकाता रूट पर भी स्थिति अलग नहीं है। कोलकाता जाने वाली प्रमुख ट्रेनों जैसे गीतांजलि, शालीमार और हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस में भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है। यहां भी टिकट बुकिंग यात्रा से दो-तीन दिन पहले ही बंद हो जा रही है।

गोंदिया में ट्रैक मरम्मत के कारण बंद रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 26 अप्रैल से दोबारा शुरू हो गई है, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिल पाई है। 26 से 28 अप्रैल तक की यात्रा के लिए स्लीपर और एसी कोच में बुकिंग पहले ही ‘रिग्रेट’ हो चुकी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के बावजूद मांग के मुकाबले सीटों की कमी बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी यह समस्या जारी रहने की संभावना है। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और समय रहते टिकट बुक करें, ताकि अंतिम समय की परेशानी से बचा जा सके।