औषधीय पादपों पर चिंतन शिविर
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Ayush-Medicinal-Plants-Chintan-Shivir-2026
औषधीय पादपों पर चिंतन शिविर से नीति, अनुसंधान और नवाचार को मिलेगा नया आयाम और क्षेत्रीय चुनौतियों का समाधान।
खेती, संरक्षण, मूल्यवर्धन और बाजार से जुड़ाव मजबूत कर आयुष सेक्टर को दीर्घकालिक मजबूती देने पर फोकस।
Delhi/ देश में औषधीय वनस्पतियों के क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयुष मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (NMPB) 11 फरवरी 2026 को औषधीय पादपों पर एक दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन करने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में नीति निर्माण, अनुसंधान, नवाचार और जमीनी कार्यान्वयन से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। इससे औषधीय पादप क्षेत्र के सतत विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
चिंतन शिविर के उद्घाटन सत्र में आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा और अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार श्री होवेदा अब्बास विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
इस चिंतन शिविर के बाद राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही तकनीकी सत्र और पैनल चर्चाएं होंगी, जिनमें नीति निर्माता, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, किसान समूह और अन्य हितधारक भाग लेंगे। इन सत्रों में औषधीय वनस्पतियों की खेती, संरक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण, अनुसंधान, मूल्य संवर्धन और बाजार से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।
चिंतन शिविर का मुख्य उद्देश्य औषधीय पादप क्षेत्र के लिए नीतिगत ढांचे को सशक्त बनाना, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देना और जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन से जुड़ी बाधाओं का समाधान खोजना है। विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जिससे भविष्य की रणनीति तय की जा सके।
आयुष मंत्रालय को उम्मीद है कि इस विचार-विमर्श से औषधीय वनस्पतियों के क्षेत्र के लिए एक समन्वित, व्यावहारिक और दूरदर्शी रोडमैप तैयार होगा। इससे न केवल किसानों और उद्यमियों को लाभ मिलेगा, बल्कि आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी और भारत वैश्विक औषधीय पादप बाजार में अपनी स्थिति और सुदृढ़ कर सकेगा।