STPI के साथ MoU: छत्तीसगढ़ बनेगा तकनीक

Tue 10-Feb-2026,04:40 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

STPI के साथ MoU: छत्तीसगढ़ बनेगा तकनीक Chhattisgarh-STPI-MOU-Tech-Startup-Innovation
  • छत्तीसगढ़ सरकार और STPI के बीच MoU से राज्य में तकनीक आधारित स्टार्ट-अप, नवाचार और डिजिटल उद्यमिता को मिलेगा मजबूत समर्थन।

  • युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार, फंडिंग और आधुनिक लैब सुविधाएं मिलेंगी, जिससे तकनीकी प्रतिभाओं का पलायन रुकेगा।

Chhattisgarh / Raipur :

Raipur/ छत्तीसगढ़ को तकनीक, नवाचार और स्टार्ट-अप के राष्ट्रीय मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ शासन के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी विभाग और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह करार राज्य में तकनीक आधारित उद्यमिता, स्थानीय रोजगार और डिजिटल इकोसिस्टम को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध छत्तीसगढ़ अब ज्ञान और तकनीक आधारित पहचान की ओर तेजी से अग्रसर है। राज्य में बेहतर डिजिटल अधोसंरचना, प्रभावी ई-गवर्नेंस और निवेश-अनुकूल नीतियों के चलते आईटी, आईटीईएस और उभरते तकनीकी क्षेत्रों के लिए मजबूत माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह MoU छत्तीसगढ़ को नवाचार का केंद्र बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

इस समझौते के तहत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। प्रस्तावित CoE चार प्रमुख क्षेत्रों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मेडटेक, स्मार्ट सिटी सॉल्यूशंस, स्मार्ट एग्रीकल्चर और वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित तकनीकों में नवाचार और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देगा। वहीं ESDD सेंटर प्रतिवर्ष 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और MSME को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, स्किल डेवलपमेंट और तकनीकी क्षमता निर्माण में सहयोग करेगा।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को राज्य के भीतर ही इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग और आधुनिक प्रयोगशालाओं की सुविधा मिलेगी। इससे बड़े महानगरों की ओर पलायन में कमी आएगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने STPI के देशभर में फैले 68 केंद्रों और 24 सेक्टर-विशेष CoE के अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के स्टार्ट-अप इकोसिस्टम को बड़ा लाभ मिलेगा।

सरकार का मानना है कि यह समझौता राज्य के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और छत्तीसगढ़ को डिजिटल नवाचार व तकनीकी उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, आईटी सचिव अंकित आनंद, STPI निदेशक रवि वर्मा, CHiPS के सीईओ प्रभात मलिक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।