सतना में बागेश्वर बाबा ने पढ़ा ASI का मन

Fri 06-Feb-2026,12:31 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

सतना में बागेश्वर बाबा ने पढ़ा ASI का मन Bageshwar-Baba-ASI-Satna-Divya-Darbar
  • सतना में हनुमंत कथा के दौरान बागेश्वर बाबा ने ड्यूटी पर तैनात एएसआई का मन पढ़कर मंच पर बुलाया, घटना वायरल।

  • पर्चे में पुलिसकर्मी की बेटी की बीमारी का जिक्र, बाबा ने आस्था के साथ डॉक्टरी इलाज जारी रखने की सलाह दी।

  • वर्दी में दरबार में पहुंचा मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय, भक्तों ने इसे दिव्य अनुभव बताया।

Madhya Pradesh / Satna :

Satna/ बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार एक बार फिर लोगों के बीच आस्था और चर्चा का विषय बन गया है। मध्यप्रदेश के सतना जिले के शिवराजपुर में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने हजारों श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया।

कथा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे धारकुंडी थाना में पदस्थ एएसआई सुरेंद्र कुमार बाबा के दरबार को दूर से देख रहे थे। उनके मन में यह संशय था कि ड्यूटी पर होने के कारण वे अपनी बात बाबा तक नहीं पहुंचा पाएंगे। इसी बीच मंच से अचानक धीरेंद्र शास्त्री ने भीड़ की ओर संकेत करते हुए एएसआई सुरेंद्र कुमार को मंच के पास बुला लिया।

मंच पर पहुंचते ही बाबा ने उनसे पूछा, “तुम यही सोच रहे थे न कि बाबा सबकी सुनते हैं, लेकिन हम तो ड्यूटी पर हैं, क्या हमारी सुनेंगे?” यह सुनते ही एएसआई भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास था, लेकिन मन में संशय जरूर था।

इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री ने बिना किसी पूर्व जानकारी के पर्चा पढ़ते हुए एएसआई की बेटी की बीमारी का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बच्ची को दौरे पड़ने की समस्या है और अब तक यह स्थिति दो-तीन बार आ चुकी है। बाबा ने भरोसा दिलाया कि बालाजी की कृपा से अब बच्ची को राहत मिलेगी और भविष्य में यह समस्या दोबारा नहीं होगी।

खास बात यह रही कि बाबा ने आस्था के साथ-साथ चिकित्सा विज्ञान को भी महत्व दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आध्यात्मिक उपायों के साथ-साथ बच्ची का मेडिकल ट्रीटमेंट भी पूरी तरह जारी रखा जाए।

पर्चा सुनने के बाद एएसआई सुरेंद्र कुमार ने मंच से कहा कि बाबा द्वारा कही गई हर बात शत-प्रतिशत सच है। इसके बाद पूरा पंडाल “बागेश्वर धाम की जय” के नारों से गूंज उठा। वर्दीधारी पुलिसकर्मी और बाबा के इस संवाद का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।