अबूझमाड़ मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर

Fri 06-Feb-2026,12:04 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

अबूझमाड़ मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर Abujhmarh-Encounter-Bijapur-Gadchiroli-Naxal-Operation
  • अबूझमाड़ जंगलों में मुठभेड़ के दौरान तीन नक्सली ढेर, AK-47 और SLR बरामद, बड़े नक्सली हमले की साजिश नाकाम।

  • बीजापुर-गढ़चिरौली सीमा क्षेत्र में सुरक्षाबलों का सघन सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी।

  • ऑपरेशन के दौरान C60 के तीन जवान घायल, सभी की हालत स्थिर, समय पर इलाज से बड़ा नुकसान टला।

Chhattisgarh / Bijapur :

Bijapur/ छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली सीमा क्षेत्र में स्थित अबूझमाड़ के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस ऑपरेशन में दो पुरुष और एक महिला सहित कुल तीन नक्सली मारे गए हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुठभेड़ स्थल से नक्सलियों के शवों के साथ एक AK-47 राइफल और एक SLR हथियार बरामद किया गया है। बरामद अत्याधुनिक हथियारों से संकेत मिलते हैं कि नक्सली किसी बड़े और घातक हमले की तैयारी में थे। सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में अहम सफलता मान रही हैं।

इस ऑपरेशन के दौरान महाराष्ट्र पुलिस के विशेष दस्ते C60 के तीन जवान घायल भी हुए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी घायल जवानों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार तीनों जवानों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और वे खतरे से बाहर हैं।

यह संयुक्त अभियान गुरुवार से शुरू किया गया था, जो अब निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। सुरक्षाबल अबूझमाड़ और गढ़चिरौली से लगे सीमावर्ती इलाकों में लगातार सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन चला रहे हैं। दुर्गम और घने जंगलों के बावजूद जवान पूरी सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस और सुरक्षा अधिकारी पूरे ऑपरेशन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। खुफिया इनपुट के आधार पर नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद यह अभियान तेज किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की कमर टूटेगी और सीमावर्ती इलाकों में उनकी गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा और और भी महत्वपूर्ण सफलताएं मिलने की संभावना है।