Tanishq Showroom Robbery | तनिष्क शोरूम में करोड़ों की चोरी, पुलिस हैरान

Fri 13-Nov-2026,11:28 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

Tanishq Showroom Robbery | तनिष्क शोरूम में करोड़ों की चोरी, पुलिस हैरान Tanishq Showroom Robbery
  • मदुरै के तनिष्क शोरूम से सोने और हीरे के गहने चोरी।

  • नकाबपोश चोर लिफ्ट के खुले हिस्से से रस्सी के सहारे अंदर पहुंचा।

  • आरोपी की तलाश के लिए नौ विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं।

Tamil Nadu / Madurai :

Madurai / एक नया ज्वेलरी शोरूम, करोड़ों के गहने और चोरी का ऐसा तरीका, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। चोर ने न दरवाजा तोड़ा और न ही दीवार, बल्कि लिफ्ट के लिए छोड़े गए रास्ते से अंदर पहुंचकर पूरी वारदात को अंजाम दिया।

तमिलनाडु के मदुरै में मशहूर ज्वेलरी ब्रांड तनिष्क के नए शोरूम में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक नकाबपोश चोर ने बेहद शातिर तरीके से शोरूम में प्रवेश किया और बिक्री के लिए रखे सोने तथा हीरे के गहने लेकर फरार हो गया। चोरी की इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।

यह घटना मदुरै के नेहरू नगर में नेताजी मेन रोड स्थित तनिष्क शोरूम की है। खास बात यह है कि इस शोरूम की शुरुआत 14 अक्टूबर को ही हुई थी। गुरुवार सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि बिक्री के लिए रखे गहने गायब हैं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की जानकारी मिलते ही SS Colony पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जब शोरूम के CCTV फुटेज खंगाले गए, तो उसमें काले कपड़े पहने और चेहरे पर नकाब लगाए एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया।

अब सवाल यह है कि आखिर चोर शोरूम के अंदर पहुंचा कैसे?
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी ने इमारत में प्रवेश करने के लिए लिफ्ट लगाने के लिए छोड़े गए खुले हिस्से का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि वह लिफ्ट के काम में इस्तेमाल हो रही रस्सी के सहारे नीचे उतरा और ग्राउंड फ्लोर पर रखे गहने चुरा लिए।

दरअसल, यह शोरूम तीन मंजिला इमारत में संचालित हो रहा था। ग्राउंड फ्लोर पर गहनों की बिक्री होती थी, जबकि दूसरी मंजिल खाली थी। तीसरी मंजिल पर गहने रखने के लिए लॉकर लगाने का काम चल रहा था। शोरूम नया होने के कारण वहां लिफ्ट लगाने के साथ पेंटिंग, बिजली और प्लंबिंग का काम भी जारी था। इमारत के पीछे लोहे की मचान भी बनाई गई थी। पुलिस को शक है कि आरोपी इसी मचान के सहारे इमारत तक पहुंचा होगा।

जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि निर्माण, सजावट या शोकेस लगाने के काम से जुड़े किसी व्यक्ति की इस चोरी में भूमिका तो नहीं है।

मदुरै के पुलिस कमिश्नर राजेंद्रन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मामले की जांच के लिए डिप्टी कमिश्नर इनिगो दिव्यन के नेतृत्व में नौ विशेष टीमें बनाई गई हैं।

पुलिस ने शोरूम और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज जुटाई है। रात तीन बजे से इलाके में आने-जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है। वाहन मालिकों से पूछताछ की जा रही है। संदिग्ध की तस्वीर मदुरै के प्रमुख बस टर्मिनलों और रेलवे स्टेशनों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी भेजी गई है।

जानकारी के मुताबिक, चोरी से पहले शोरूम में करीब 13 किलो सोने के गहने और 3 किलो हीरे का स्टॉक मौजूद था। हालांकि, इनमें से कितने गहने चोरी हुए हैं और कुल नुकसान कितना हुआ है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल गहनों का पूरा हिसाब लगा रही है।

शोरूम रेलवे स्टेशन के पास होने के कारण पुलिस को आशंका है कि आरोपी ट्रेन से केरल या उत्तर भारत की ओर भाग सकता है। इसी वजह से रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। मदाकुलम, नेहरू नगर और बाइपास रोड सहित आसपास के इलाकों में भी तलाश जारी है।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान करना और चोरी हुए गहनों को बरामद करना है। अब देखना होगा कि नौ विशेष टीमें इस शातिर चोर तक कब पहुंच पाती हैं।