गुना जल संकट: दूषित पानी से बच्चों की तबीयत बिगड़ी, 15+ भर्ती, जांच जारी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Guna News
गुना में दूषित पानी से 15+ बच्चे बीमार.
कई बच्चों में पीलिया और हेपेटाइटिस ए के लक्षण.
Guna / गुना शहर के बूढ़े बालाजी, पुरानी छावनी और आसपास के कई रिहायशी इलाकों में दूषित पानी की सप्लाई ने गंभीर स्वास्थ्य संकट खड़ा कर दिया है। पिछले कुछ दिनों में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द से पीड़ित डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चों को भर्ती करना पड़ा। कई बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे परिजनों में चिंता और दहशत का माहौल है।
डॉक्टरों की शुरुआती जांच में कुछ बच्चों में पीलिया और हेपेटाइटिस ए जैसी खतरनाक बीमारियों के लक्षण मिले हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बीमारियां सीधे तौर पर दूषित पानी और संक्रमित भोजन के सेवन से फैलती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से घरों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिसकी कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब लगातार तीन दिनों से एक ही इलाके से बच्चे अस्पताल पहुंचने लगे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। यहां तक कि शिशु वार्ड में विशेषज्ञ डॉक्टर की अनुपस्थिति भी सामने आई, जिससे इलाज की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।
मामला बढ़ने पर प्रशासन हरकत में आया और नगर पालिका तथा स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद नगर निगम की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों और पानी की टंकियों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और तब तक प्रभावित इलाकों में साफ पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।