Delhi / Delhi : Delhi / वेनेजुएला में अमेरिकी हमले और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने के बाद हालात तेजी से तनावपूर्ण हो गए हैं। इस बीच भारत सरकार ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को सभी भारतीय नागरिकों से 'अत्यधिक सतर्कता' बरतने, अपनी आवाजाही सीमित रखने और लगातार भारतीय दूतावास, कराकस के संपर्क में रहने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय नागरिक गैर-जरूरी यात्रा से बचें और किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें।
भारतीय दूतावास ने इस स्थिति में मदद के लिए आपात संपर्क नंबर +58-412-9584288 और ईमेल आईडी [email protected] जारी किया है। यह नंबर व्हाट्सऐप कॉल के लिए भी उपलब्ध है, ताकि नागरिक किसी भी कठिनाई या आपात स्थिति में तुरंत सहायता ले सकें। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि हालात तेजी से बदल रहे हैं, इसलिए सभी भारतीयों को शांत और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने राजधानी काराकस पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए और एक तड़के ऑपरेशन में राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लिया गया। ट्रंप के अनुसार, मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिका ले जाया जा रहा है। मादुरो पर न्यूयॉर्क के मैनहैटन फेडरल कोर्ट में गंभीर आरोप लगे हैं, जिनमें नार्को टेररिज्म साजिश, कोकीन आयात से संबंधित साजिश और हथियारों से जुड़े अपराध शामिल हैं। हालांकि, वेनेजुएला सरकार ने अब तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि राजधानी के कई हिस्सों में सैन्य विमान नीचे उड़ते दिखाई दिए, आग लगी, बिजली गुल हो गई और आसमान में धुएं के घने गुबार नजर आए। भारत सरकार ने इस तनावपूर्ण स्थिति में यह साफ किया है कि भारतीय नागरिक केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी अफवाह पर नहीं चलें। दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर नागरिकों को आगे दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
इस एडवाइजरी का मकसद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें किसी भी असुरक्षित या जोखिम भरे हालात से बचाना है। वेनेजुएला में मौजूद सभी भारतीयों को शांति बनाए रखते हुए अपने कदम सोच-समझकर रखने की सलाह दी गई है।