होर्मुज में जहाज पर हमला: 24 भारतीय नाविक फंसे, ईरान-इजरायल तनाव बढ़ा
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Hormuj News
होर्मुज में जहाज पर हमला, 24 भारतीय नाविक फंसे.
ईरान-इजरायल तनाव से मिडिल ईस्ट में बढ़ा संकट.
भारतीय दूतावास ने यात्रा न करने की एडवाइजरी जारी.
Delhi / मिडिल ईस्ट एक बार फिर बड़े तनाव के दौर से गुजर रहा है, जहां ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर के बावजूद हालात फिर से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। दोनों देशों के बीच एक-दूसरे पर हमले की खबरों ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। इसका असर अब होर्मुज जलडमरूमध्य तक पहुंच गया है, जो दुनिया के सबसे अहम तेल व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है।
इसी बीच ओमान तट के पास एक जहाज पर हमला होने की जानकारी सामने आई है, जिसमें 24 भारतीय नाविक फंसे हुए बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में जहाज से काला धुआं उठता दिख रहा है, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया ने भी इस घटना को लेकर चिंता जताई है और भारतीय नौसेना से तुरंत मदद की अपील की है।
होर्मुज स्ट्रेट से दुनिया का लगभग 20 प्रतिशत तेल व्यापार गुजरता है, इसलिए यहां किसी भी तरह की हलचल वैश्विक बाजारों पर बड़ा असर डाल सकती है। हालात को देखते हुए ईरान में मौजूद भारतीय दूतावास ने भी एडवाइजरी जारी की है, जिसमें भारतीय नागरिकों को वहां की यात्रा से बचने और पहले से मौजूद लोगों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
ईरान के राजदूत ने एक बयान में कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद नहीं किया जाएगा, लेकिन यहां नई शर्तें और ट्रांजिट शुल्क लागू किए जा सकते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान और ओमान मिलकर इस मार्ग के संचालन को लेकर नए नियम तय कर सकते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति और व्यापार दोनों को प्रभावित किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर स्थिति और बिगड़ती है तो इसका सीधा असर वैश्विक तेल आपूर्ति और कीमतों पर पड़ सकता है।