दिल्ली सत्य निकेतन में भरभराकर गिरी इमारत, मलबे में छात्रों के फंसे होने की आशंका
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Delhi Building Collapse
दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में बारिश के बीच बहुमंजिला इमारत ढह गई।
मलबे में छात्रों समेत कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां और राहत-बचाव टीमें मौके पर मौजूद हैं।
Delhi / दिल्ली में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मोती बाग के सत्य निकेतन स्थित शिव मंदिर के पास एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। इमारत गिरने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर डिपार्टमेंट को दोपहर 1 बजकर 33 मिनट पर इमारत गिरने की जानकारी मिली। इसके बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां मौजूद हैं और रेस्क्यू टीमें लगातार मलबा हटाने में जुटी हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत के गिरने की घटना हुई, उसमें पीजी संचालित हो रहा था। इसी वजह से मलबे में छात्रों के फंसे होने की आशंका है। अब तक 3 से 4 लोगों को मलबे से बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, कुछ छात्रों के अंदर से फोन करने की भी बात सामने आई है, जिससे आशंका है कि अभी कई लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन में राहत एवं बचाव दल के साथ स्थानीय लोग भी मदद कर रहे हैं। टीमें बेहद सावधानी के साथ मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। आरके पुरम के विधायक अनिल शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अनिल शर्मा ने बताया कि यह बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जगहों से छात्र इस इमारत में पीजी में पढ़ने और रहने के लिए आते हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के समय इमारत में कितने छात्र मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कुछ छात्रों के अंदर फंसे होने की जानकारी पक्की है और उन्हें बचाना प्राथमिकता है।
विधायक के मुताबिक, एनडीआरएफ और एमसीडी की टीमों ने दो छात्रों को पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग अंदर से फोन भी कर रहे हैं। ऐसे में राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री की ओर से भी पूरी टीम को मौके पर भेजे जाने की बात कही गई है।
NSUI ने सरकार पर उठाए सवाल
इस हादसे को लेकर NSUI ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना बेहद चिंताजनक है और मलबे में DU छात्रों के दबे होने की जानकारी सामने आ रही है।
NSUI ने छात्रों और आम लोगों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की है। संगठन ने सरकार और DU प्रशासन से युद्धस्तर पर राहत-बचाव अभियान चलाने तथा घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। फिलहाल पूरा फोकस मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है और बचाव अभियान जारी है।