जबलपुर मंदिर प्रसाद से फूड पॉइजनिंग

Sat 14-Feb-2026,04:21 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

जबलपुर मंदिर प्रसाद से फूड पॉइजनिंग Jabalpur-Temple-Prasad-Food-Poisoning-Case
  • जबलपुर के त्रिपुर सुंदरी मंदिर में प्रसाद के रूप में वितरित मिठाई खाने के बाद 19 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए।

  • राजस्थान बीकानेर स्वीट्स से खरीदी गई करीब 4 किलो मिठाई के सैंपल जांच के लिए खाद्य विभाग ने भेजे।

Madhya Pradesh / Jabalpur :

Jabalpur/ मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंदिर प्रसाद के रूप में बांटी गई मिठाई खाने के बाद अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। उल्टी, दस्त और चक्कर की शिकायत के बाद करीब 19 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की पुष्टि की है। प्रशासन और खाद्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है, जबकि एक मरीज की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, भेड़ाघाट स्थित त्रिपुर सुंदरी मंदिर में महिलाओं द्वारा सुहागलों का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान प्रसाद वितरण के लिए राजस्थान बीकानेर स्वीट्स से लगभग 4 किलो मिठाई खरीदी गई थी। कार्यक्रम के बाद यह मिठाई श्रद्धालुओं में बांटी गई।

मिठाई खाने के कुछ ही समय बाद महिलाओं, बच्चों और दो युवकों को अचानक उल्टी, चक्कर और घबराहट की शिकायत होने लगी। कुछ लोग बेहोश भी हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सभी को तुरंत जबलपुर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया।

डॉक्टरों ने जांच के बाद फूड पॉइजनिंग की पुष्टि की। एक मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया है। बाकी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मिठाई के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।