मुलुंड में मेट्रो निर्माण हादसा: पिलर का हिस्सा गिरा, कई घायल, जांच जारी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Mulund Metro Accident
मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त.
3–4 लोगों के घायल होने की आशंका, राहत कार्य जारी.
सुरक्षा मानकों और निर्माण प्रक्रिया की जांच शुरू.
Mulund / मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। एलबीएस रोड पर बन रहे मेट्रो पिलर का सीमेंट का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। नीचे से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा और एक कार इसकी चपेट में आ गए। घटना जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 12:20 बजे हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सब कुछ सामान्य चल रहा था कि अचानक तेज आवाज के साथ कंक्रीट का हिस्सा नीचे आ गिरा। ऑटो में सवार 3 से 4 लोगों के घायल होने की आशंका है। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। हादसे की खबर मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण के अधिकारी, वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। पुलिस ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को घेर लिया और ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया, ताकि मलबा हटाने और घायलों को निकालने में कोई बाधा न आए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
फिलहाल संबंधित एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि आखिर पिलर का हिस्सा कैसे टूटा और क्या निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया जा रहा था या नहीं। स्थानीय लोगों ने भी निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हादसे की असली वजह क्या थी।