धार में तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से दो युवकों की मौत
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Dhar-Kukshi-Road-Accident-Two-Youths-Killed
धार के कुक्षी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत।
पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश शुरू की।
Kukshi/ मध्य प्रदेश के धार जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कुक्षी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फरार ट्राला चालक की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार देर रात कुक्षी थाना क्षेत्र में हुआ। ग्राम आंवली निवासी 17 वर्षीय रवि पिता रामसिंह और 18 वर्षीय गणपति पिता सिकदार बाइक से लोहारी गांव की ओर जा रहे थे। दोनों युवक धार स्थित पामेला होटल में कार्यरत थे और एक परिचित की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए निकले थे।
रात के अंधेरे में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुक्षी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।